मोकलसर रेलवे स्टेशन पर भगत की कोठी–चेन्नई एग्मोर एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव शुरू हो गया है। सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस ट्रेन के ठहराव की मांग लंबे समय से की जा रही थी। रविवार सुबह 07:20 बजे मोकलसर रेलवे स्टेशन से ट्रेन को रवाना किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और प्रवासी परिवार मौजूद रहे। मोकलसर और आसपास के गांवों में व्यापार बढ़ेगा-सांसद सांसद बेनीवाल ने समारोह में कहा- मोकलसर स्टेशन पर इस ट्रेन का ठहराव प्रवासियों की लंबे समय से लंबित और जायज़ मांग थी। उन्होंने इस मांग को रेलवे संसदीय समिति की बैठकों और रेल मंत्री से अपनी मुलाकातों के दौरान प्रमुखता से उठाया था, जिसके बाद इसे स्वीकृति मिली। उन्होंने क्षेत्रवासियों की ओर से रेल मंत्री का आभार व्यक्त किया। सांसद बेनीवाल ने कहा कि इस ठहराव से मोकलसर कस्बे और आसपास के गांवों में व्यापार को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने इसे प्रवासी श्रमिकों, विद्यार्थियों और व्यवसायियों के लिए आवागमन को सरल बनाने वाला एक महत्वपूर्ण कदम बताया। सप्ताह में 5 दिन चलेगी ट्रेन यह ट्रेन सप्ताह में पांच दिन चलेगी। भगत की कोठी से सोमवार, बुधवार, गुरुवार, शुक्रवार और रविवार को प्रस्थान करेगी, जबकि चेन्नई से यह सोमवार, मंगलवार, गुरुवार, शनिवार और रविवार को चलेगी। यह ट्रेन पश्चिम राजस्थान के यात्रियों को चेन्नई और दक्षिण भारत से सीधा रेल संपर्क प्रदान करती है।


