अमृतसर| अमृतसर ग्रुप ऑफ कॉलेजेस (एजीसी) के प्रबंधन अध्ययन विभाग ने ‘भविष्य को सशक्त बनाना: ऊर्जा स्थिरता और जलवायु कार्रवाई में नवाचार’ विषय पर राष्ट्रीय सेमिनार करवाया। एआईसीटीई की ‘वाणी योजना’ के तहत प्रायोजित इस सेमिनार का उद्देश्य क्षेत्रीय भाषाओं में ज्ञान को बढ़ावा देना था, जो ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य के अनुरूप है। इस सेमिनार में देशभर के शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं, नीति निर्माताओं और उद्योग विशेषज्ञों ने भाग लिया। आईआईएम, एनआईटी, और पंजाबी विश्वविद्यालय जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के विशेषज्ञों ने ऊर्जा स्थिरता और जलवायु लचीलेपन पर महत्वपूर्ण व्याख्यान दिए। एजीसी के चेयरमैन एडवोकेट अमित शर्मा ने ऐसे महत्वपूर्ण आयोजन की मेजबानी पर गर्व व्यक्त किया। प्रबंध निदेशक डॉ. रजनीश अरोड़ा और प्राचार्य डॉ. गौरव तेजपाल ने जलवायु कार्रवाई पहलों में युवाओं की भागीदारी के महत्व पर बल दिया।


