एजुकेशन टूर में फॉसिल्स पार्क पहुंचे छात्र-छात्राएं

भास्कर न्यूज | बैकुंठपुर राज्य परियोजना कार्यालय समग्र शिक्षा रायपुर द्वारा संचालित व जिला प्रशासन के निर्देशानुसार राष्ट्रीय आविष्कार अभियान अंतर्गत जिला कोरिया के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों को एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण पर ले जाया गया। इसमें स्वामी आत्मानंद खरवत, स्वामी आत्मानंद महलपारा, स्वामी आत्मानंद चरचा, माध्यमिक शाला ओड़गी और उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिशुनपुर के मिडिल व सेकेंडरी स्तर के 100 छात्र-छात्राएं शामिल हुए। गुरुवार सुबह 9 बजे विद्यार्थियों को स्वामी आत्मानंद खरवत से एजुकेशन टूर के लिए रवाना किया। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने एमसीबी जिले के मनेंद्रगढ़ में एशिया के सबसे पुराने गोंडवाना मरीन फॉसिल्स पार्क को देखा। हसदेव नदी के तट पर लगभग एक किमी क्षेत्र में फैले इस पार्क में करीब 29 करोड़ वर्ष पुराने समुद्री जीवों के जीवाश्म चट्टानों व बोल्डरों में सुरक्षित पाए जाते हैं। यह स्थल इस बात का प्रमाण है कि प्राचीन काल में यह क्षेत्र समुद्र था। पार्क को राष्ट्रीय भू-वैज्ञानिक स्मारक का दर्जा प्राप्त है। पार्क स्थित जुरासिक रॉक गार्डन व इंटरप्रेटेशन सेंटर में विद्यार्थियों को भूगर्भीय इतिहास, जीवाश्म विज्ञान, पृथ्वी की उत्पत्ति व पृथ्वी पर जीवन के विकास की जानकारी वैज्ञानिक व दृश्य माध्यमों से दी गई। इसके अलावा विद्यार्थियों ने चिरमिरी पोड़ी स्थित जगन्नाथ मंदिर का दर्शन भी किया। यह शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए विज्ञान और इतिहास को नजदीक से देखो और समझने का एक रोमांचक अवसर मिला। भ्रमण में मार्गदर्शक शिक्षक कमल डडसेना, ऋषभ शुक्ला, सुरेंद्र राजवाड़े, सुजाता बंसरिया, दीपिका चंद्रा व राहुल अग्रवाल उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *