एटीएम कार्ड फंसा, मदद के बहाने 65 हजार उड़ा ले गए

रांची| लटमा रोड स्थित पीएनबी एटीएम से पैसे निकालने गए विकास नगर निवासी चंद्रशेखर मिश्रा से ठगी हो गई। उन्होंने एटीएम में अपना कार्ड डाला। पहले ट्रांजेक्शन में 10 हजार रुपये निकले, लेकिन कार्ड मशीन में फंस गया। कई बार कोशिश के बाद भी कार्ड बाहर नहीं आया। इसी दौरान एक व्यक्ति वहां पहुंचा। उसने चंद्रशेखर को एक मोबाइल नंबर 8271592478 दिया और कहा कि इस पर कॉल करें, गार्ड सर्विस इंजीनियर से कार्ड निकलवा देगा। कॉल करने पर गार्ड ने कहा कि बगल के एटीएम में सर्विस इंजीनियर है, उससे कहें। लेकिन वहां कोई इंजीनियर नहीं मिला। दोबारा गार्ड से संपर्क करने पर उसने कहा कि इंजीनियर को बोल दिया है, आप वहीं इंतजार करें। कुछ देर बाद जब चंद्रशेखर ने मशीन चेक किया, तो कार्ड गायब था। तभी उनके मोबाइल पर मैसेज आया कि उनके खाते से तीन बार 10-10 हजार रुपये निकाले गए हैं। इसके अलावा सिंह मोड़ स्थित रेड टेप जूता दुकान से दो बार खरीदारी की गई। एक बार 20,443 रुपये और दूसरी बार 14,993 रुपये की। कुल 65,436 रुपये की अवैध निकासी हो चुकी थी। चंद्रशेखर ने जगन्नाथपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *