भास्कर न्यूज | गढ़वा उपायुक्त दिनेश कुमार यादव ने एडवांस हाजिरी बनाने के मामले में एक राजस्व कर्मचारी सहित तीन कर्मियों पर कार्रवाई की है। वहीं दो कर्मियों के अनुपस्थित पाए जाने पर स्पष्टीकरण की मांग की है। डीसी ने राजस्व कर्मचारी को निलंबित कर दिया है। जबकि एक निम्नवर्गीय लिपिक का स्थानांतरण और एक सफाई कर्मी का दो दिन का वेतन काट दिया है। मामला डंडा प्रखंड का है। डीसी नौ जुलाई को क्षेत्र भ्रमण के दौरान डंडा प्रखंड सह अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया था। निरीक्षण के क्रम में डंडा अंचल में कार्यरत राजस्व कर्मचारी नीरज कुमार तिवारी, निम्नवर्गीय लिपिक दीपक कुमार दुबे और सफाई कर्मचारी अंजू देवी उपस्थिति पंजी में एडवांस हाजिरी बनाया हुआ पाया था। उसी मामले में डीसी ने सख्ती करते हुए कार्रवाई की है। निलंबित किए गए राजस्व कर्मचारी नीरज कुमार तिवारी का मुख्यालय रंका बनाया गया है। जबकि लिपिक दीपक कुमार दुबे को डंडा अंचल कार्यालय से रमना प्रखंड कार्यालय स्थानांतरित किया गया है। डीसी ने डंडा अंचल में दीपक के जगह पर रमना प्रखंड कार्यालय में कार्यरत रामानुज शुक्ला को डंडा अंचल कार्यालय में पदस्थापित किया है। वहीं सफाई कर्मी अंजू देवी का दो दिन का वेतन काटा गया है।


