एडीएम सहारण ने कृषि उपज मंडी का निरीक्षण किया:अनुपस्थित कार्मिकों को नोटिस दिया, योजनाओं के प्रचार के निर्देश दिए

अतिरिक्त जिला कलेक्टर ओम प्रकाश सहारण ने गुरुवार को कोटपूतली कृषि उपज मंडी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंडी में विभिन्न रजिस्टरों की जांच की और कार्य व्यवस्था का अवलोकन किया। एडीएम ने मुख्यमंत्री कृषक साथी योजना की प्रगति की जानकारी ली। कार्मिकों ने बताया कि योजना के तहत अब तक 6 आवेदन प्राप्त हुए हैं। एडीएम ने निर्देश दिए कि शीघ्र बैठक आयोजित कर आवेदनों का त्वरित निस्तारण किया जाए और पात्र किसानों को लाभान्वित किया जाए। ट्रैफिक समस्या के बेहतर प्रबंधन के निर्देश दिए उन्होंने मंडी श्रमिक कल्याण योजना के अंतर्गत पल्लेदारों को लाभ प्रदान करने के भी निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, गाजर की सीजन में ट्रैफिक समस्या के बेहतर प्रबंधन के लिए भी दिशा-निर्देश जारी किए गए। एडीएम ने डिजास्टर मैनेजमेंट फंड से मंडी परिसर में एक बड़े डोम के निर्माण का प्रस्ताव लिया। इसका उद्देश्य नीलामी के दौरान फसल की सुरक्षा सुनिश्चित करना और किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने मंडी के विस्तार के लिए भूमि चिह्नित कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। सफाई व्यवस्था ठीक करने के निर्देश दिए उन्होंने कृषि मंडी परिसर, भंडारण और साफ-सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि किसानों को किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े, और उनके बैठने तथा पेयजल की समुचित व्यवस्था हो। निरीक्षण के दौरान पांच कार्मिक अनुपस्थित पाए गए। इस पर एडीएम ने कृषि उपज मंडी सचिव रामफूल गुर्जर को संबंधित कार्मिकों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। एडीएम ने पीएमएफएमई योजना के तहत फूड प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित करने पर 35 प्रतिशत सब्सिडी की जानकारी दी। उन्होंने इस योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक किसान और उद्यमी इसका लाभ उठा सकें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *