एनएचएआई की जानलेवा जल्दबाजी:खुले सरिये, अधूरे डिवाइडर और बिना मीडियन, मार्किंग के रालामंडल ब्रिज की एक भुजा खोली

तय समय सीमा से डेढ़ साल पीछे चल रहे रालामंडल फ्लायओवर पर एनएचएआई ने आधे अधूरे और खतरनाक ब्रिज पर ही ट्रैफिक शुरू कर दिया। सोमवार से दोनों लेन पर ट्रैफिक शुरू करने का दावा था, लेकिन एक लेन पर खुले सरिये, जगह-जगह गैप के चलते बाद में फैसला लिया कि एक ही लेन पर ट्रैफिक चलेगा। फ्लायओवर पर अधूरे डिवाइडर हैं। न मीडियन है, न कोई रोड मार्किंग है। दोनों तरफ कुछ जगह पर क्रैश बैरियर भी नहीं हैं। न ही यहां लाइट पोल का इंतजाम है न साइन बोर्ड हैं। फ्लायओवर के नीचे जहां से गाड़ियां क्रॉस कर रही हैं, वहां की सड़क भी नहीं बनी है। पूरे ब्रिज पर निर्माण सामग्री फैली पड़ी है। ब्रिज के शुरुआती और अंतिम बिंदु पर भी काम होना बाकी है। लोड टेस्टिंग भी बाकी है। अभी सड़क पर एक और बिटुमिनस कांक्रीट की परत चढ़ाना बाकी है। यह काम ट्रैफिक चलाने के लगभग एक महीने बाद पूरा होगा। तय समय से डेढ़ साल पीछे चल रहा फ्लायओवर, ठेकेदार ने अधूरे ब्रिज पर ट्रैफिक शुरू करा दिया बायपास पर इससे पहले भी बुरे ही अनुभव दिए हैं एनएचएआई ने बायपास पर रालामंडल के साथ-साथ अर्जुन बड़ोद और एमआर-10 जंक्शन पर फ्लायओवर निर्माण भी जनवरी 2023 में शुरू हुआ है। तीनों प्रोजेक्ट अधूरे हैं। अर्जुन बड़ौद की लेटलतीफी से एबी रोड पर जहां 40 घंटे का महाजाम लग चुका है, वह ब्रिज भी अभी अधूरा ही है। अब यहां नया दावा है कि एक सुरक्षा को देखते हुए एक लेन में ट्रैफिक रोक दिया है सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एक लेन में ट्रैफिक शुरू करने का निर्णय टाल दिया है। एक तरफ जहां ज्यादा काम हो चुका है, वहां से वाहनों को जाने दे रहे हैं। लोड टेस्टिंग कुछ समय बाद करेंगे। – प्रवीण यादव, प्रोजेक्ट डायरेक्टर, एनएचएआई

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *