छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के कर्मचारियों का हड़ताल दसवें दिन भी जारी है। कर्मचारी अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। बुधवार को आंदोलनकारी कर्मचारियों ने संविदा सिस्टम के विरोध में मुंडन कराया। संघ के अमित त्रिपाठी ने बताया कि 9 दिन पहले संविदा सिस्टम का पुतला दहन किया गया था। भारतीय परंपरा के अनुसार दसवें दिन मुंडन कर विरोध जताया गया। जिलाध्यक्ष शत्रुघन बघेल ने बताया कि राज्य सरकार ने सभी जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों से हड़ताली कर्मचारियों की जानकारी मांगी है। इससे कार्रवाई के संकेत मिल रहे हैं। हालांकि, कर्मचारियों ने स्पष्ट किया है कि वे अपनी मांगों से पीछे नहीं हटेंगे। संघ ने सरकार के उस दावे को भी खारिज कर दिया है, जिसमें कुछ मांगों को पूरा करने की बात कही गई थी। बघेल के अनुसार सरकार और उच्च अधिकारी छलावा कर रहे हैं। संघ का कहना है कि जब तक नियमितिकरण सहित सभी मांगों पर लिखित आदेश नहीं आता, हड़ताल जारी रहेगी। कर्मचारियों का कहना है कि संविदा सिस्टम समान काम, समान वेतन के सिद्धांत के खिलाफ है। इसलिए वे इस व्यवस्था का विरोध कर रहे हैं।


