राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत 87 जीएनएम सहित विभिन्न पदों पर 113 कार्मिकों की भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ी का खुलासा हुआ है। एनएचएम के तहत बीकानेर के सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर जीएनएम सहित विभिन्न पदों के लिए प्लेसमेंट एजेंसी के माध्यम से 113 कार्मिकों को सोमवार को जॉइनिंग दी गई है। इस जॉइनिंग के साथ ही दस्तावेज बाहर आने पर पता चला कि बिना कोई विज्ञप्ति जारी किए बंद कमरे में भर्तियां कर ली गईं। सीएमएचओ ने भी किसी के दस्तावेज देखे बिना ही जॉइनिंग दे दी। हैरत की बात ये है जीएनएम के पदस्थापन आदेश भी प्लेसमेंट एजेंसी ने ही जारी कर दिए। कौन जीएनएम किस स्वास्थ्य केंद्र पर जाएगा, यह तय करने का अधिकार भी एजेंसी को ही दे दिया गया। जिला स्वास्थ्य समिति की अध्यक्ष कलेक्टर और जिला परिषद सीईओ उपाध्यक्ष होते हैं। उन्हें इस भर्ती के बारे में बताया ही नहीं गया। दरअसल, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने एनएचएम के तहत सभी जिलों में विभिन्न संवर्ग के कुल 2855 पदों पर कर्मचारियों की भर्ती 31 मार्च 2026 तक के लिए करने के आदेश 21 अप्रैल को जारी किए। जिला स्वास्थ्य समिति के तहत संवेदक के जरिए यह कर्मचारी लिए जाने हैं। इनका मानदेय भी तय कर रखा है। सीएमएचओ डॉ. पुखराज साध ने 24 अप्रैल को प्लेसमेंट एजेंसी को पत्र लिखा और 26 अप्रैल को एजेंसी मैसर्स सलीम राजू ने पदस्थापन आदेश जारी कर सूचियां भेज दी। सोमवार को सभी को जॉइनिंग दे दी गई, जबकि 24 और 25 को सीएमएचओ जयपुर मीटिंग में थे। शनिवार-रविवार को अवकाश था। मामला खुलने पर सीएमएचओ अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच करने की बात कह रहे हैं। उनका कहना है कि फर्जीवाड़ा मिला तो एजेंसी को ब्लैक लिस्ट कर दिया जाएगा। यूटीबी नर्सेज ने लगाया सीएमएचओ और ठेकेदार पर मिलीभगत का आरोप राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन (यूटीबी) ने भर्ती में घोटाले का आरोप लगाते हुए कलेक्टर और सीएमएचओ को ज्ञापन दिया है। प्रदेश अध्यक्ष ललित शर्मा का आरोप है कि सीएमएचओ और ठेकेदार की मिलीभगत से बंद कमरे में सूचियां तैयार कर सीधे ही पदस्थापन कर दिए गए। “जनता क्लिनिक में हमारा काम चल रहा है। आवेदन पहले से ही काफी मात्रा में पेंडिंग पड़े थे। यदि नियम से करते तो भर्ती हाे ही नहीं पाती। इंटरव्यू में नेताओं की सिफारिशें आती हैं। आराेप लगते हैं। हमने जरूरतमंदाें काे ही राेजगार दिया है।”
-संजय सलीम, प्राेपराइटर, मैसर्स सलीम राजू, गवर्नमेंट कांट्रेक्टर एवं जनरल सप्लायर इन पदों पर हुई भर्ती जिले में जीएनएम 87, महिला हेल्थ वर्कर 5, एलोपैथी मेडिकल ऑफिसर 1, मेडिकल लैब टेक्नीशियन 13, ऑप्टोमैट्रिक्स केयर असिस्टेंट 1, 7 फार्मा असिस्टेंट की भर्ती प्लेसमेंट एजेंसी से की गई है। “राज्य सरकार के आदेश हैं प्लेसमेंट एजेंसी के जरिए भर्ती करने के, लेकिन स्वास्थ्य विभाग में भर्ती हुई या नहीं, मुझे जानकारी नहीं है। हमारे पास फाइल नहीं आई। जांच करा लेंगे।”
-सोहनलाल, उपाध्यक्ष, जिला स्वास्थ्य समिति एवं जिला परिषद सीईओ “मानव श्रम उपलब्ध करवाने के लिए विभाग ने मैसर्स सलीम राजू प्लेसमेंट एजेंसी तय कर रखी है। उनके पास पहले से ही आवेदन होते हैं, जिसके तहत उन्होंने कर्मचारी उपलब्ध कराए हैं। यह सही है कि 24 को मैं बीकानेर से बाहर था, लेकिन ऑर्डर पर मेरे ई-साइन हैं। यदि जरा भी फर्जीवाड़ा लगा तो एजेंसी को ब्लैक लिस्ट कर दिया जाएगा।”
-डॉ. पुखराज साध, सीएमएचओ


