एनएच-43 पर कोयला लोड ट्रक में लगी आग:इंजन जलकर खाक, हाईवे पर लगा लंभा जाम

शहडोल के सोहागपुर थाना क्षेत्र में एनएच-43 पर शनिवार-रविवार की दरमियानी रात एक कोयला लोड ट्रक में आग लग गई। यह घटना धुरवार टोल प्लाजा के पास रात करीब 12 बजे हुई। हालांकि, एक बड़ा हादसा टल गया। टोल प्लाजा कर्मचारियों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही सोहागपुर पुलिस दमकल वाहन के साथ घटनास्थल पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद ट्रक में लगी आग पर काबू पाया गया। इस घटना में ट्रक का इंजन पूरी तरह जलकर खाक हो गया। हालांकि, आग ट्रक में लदे कोयले तक नहीं पहुंच पाई, जिससे बड़ी क्षति होने से बच गई। पुलिस के अनुसार, कोयला लोड ट्रक बुढार से कटनी की ओर जा रहा था। इसी दौरान उसकी टक्कर आगे चल रहे एक ट्रैक चेसिस वाहन से हो गई। टक्कर के बाद ट्रक के इंजन में आग लग गई। आग की लपटें उठती देख ट्रक चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए तुरंत वाहन से उतरकर अपनी जान बचाई। इस आगजनी के कारण शहडोल-बुढार हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया और जाम की स्थिति बन गई। घटना मुख्य राजमार्ग पर होने के कारण पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को नियंत्रित किया और स्थिति को सामान्य किया। सोहागपुर थाना प्रभारी भूपेंद्र मणि पांडे ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल कर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। उन्होंने कहा कि यदि आग को समय पर नहीं बुझाया जाता तो ट्रक में लदे कोयले में भी आग लग सकती थी, जिससे एक बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल, पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और टक्कर के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *