एनएच-43 पर ट्रक-कार की टक्कर गाड़ी के उड़े परखच्चे, चालक घायल

भास्कर न्यूज | जशपुरनगर कांसाबेल थाना क्षेत्र के बेलाघाट में दोपहर लगभग 12 बजे कार और ट्रक के बीच भीषण टक्कर हो गई, जिसमें कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना इतनी गंभीर थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार युवक वाहन के भीतर फंस गया। जानकारी के अनुसार, वैगनआर कार में केवल एक ही व्यक्ति सवार था। यह कार कांसाबेल की ओर आ रही थी, तभी जशपुर की दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। दुर्घटना में घायल युवक की पहचान पवन गुप्ता (27 वर्ष), निवासी चेटबा के रूप में हुई है। उसे सिर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही कांसाबेल पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल को कार से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांसाबेल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने पवन को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इसके अलावा ट्रक को जब्त कर लिया गया है और फरार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। घटना के बाद सड़क से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *