भास्कर न्यूज | धमतरी शासकीय नवीन कॉलेज आमदी की राष्ट्रीय सेवा योजना एनएसएस इकाई द्वारा संविधान दिवस पर सामूहिक प्रस्तावना वाचन एवं संवैधानिक मूल्यों पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्रभारी प्राचार्य डॉ. गौकरण प्रसाद जायसवाल के मार्गदर्शन तथा एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डिगेश्वर अटल के नेतृत्व में उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत संविधान निर्माताओं को श्रद्धांजलि अर्पित कर तथा भारत के लोकतांत्रिक इतिहास को स्मरण करते हुए की गई। इस अवसर पर प्रभारी प्राचार्य डॉ. जायसवाल ने कहा कि संविधान सिर्फ एक पुस्तक नहीं, बल्कि भारत की आत्मा, दिशा और पहचान है। उन्होंने विद्यार्थियों को समझाया कि संविधान युवाओं को अधिकारों के साथ कर्तव्यों की जिम्मेदारी भी सौंपता है। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डिगेश्वर अटल ने सभी प्राध्यापकों, कर्मचारियों तथा छात्र-छात्राओं को संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन करवाया। सभी ने न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के आदर्शों को जीवन में लागू करने तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता को बनाए रखने का संकल्प लिया। इस अवसर पर सहायक प्राध्यापक तरुण बैनर्जी, अंकित कुमार बोधवानी, युगेश्वर प्रसाद, आंचल अरोरा, रमेश कुमार, डॉ. उपमा, डॉ. खुशबू ठाकुर, महेश कुमार, सविता गिलहरे, साहिल कुमार, प्राची, दिव्या पटेल, संगीता, तुलसी रानी, डेमीन आदि उपस्थित थे।


