जयपुर के एसएस जैन सुबोध पीजी महिला महाविद्यालय में सात दिवसीय एनएसएस विशेष शिविर का समापन एक भारत श्रेष्ठ भारत के संदेश के साथ हुआ। इस शिविर का मुख्य विषय ‘मेरा विकसित युवा भारत’ था।शिविर में स्टूडेंट्स को योग, मेडिटेशन, श्रमदान से लेकर साइबर सुरक्षा और डिजिटल जागरूकता तक की व्यावहारिक जानकारी दी गई। विभिन्न विषयों पर व्याख्यान, कार्यशालाएं, पोस्टर प्रस्तुतियां और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य और नशामुक्ति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूकता फैलाई गई। समापन दिवस पर भगवान महावीर कैंसर रिसर्च हॉस्पिटल की ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. निधि गोयल ने कैंसर की रोकथाम और स्वस्थ जीवनशैली पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। इसके बाद छात्राओं ने एक भारत श्रेष्ठ भारत की थीम पर देश के विभिन्न राज्यों की संस्कृति, खान-पान और रहन-सहन को नृत्य और खान-पान प्रतियोगिताओं के माध्यम से प्रस्तुत किया।महाविद्यालय की प्रिंसिपल डॉ. रेनू जोशी ने स्वयंसेविकाओं को एनएसएस के उद्देश्यों को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी और सेवा भाव को महत्व देने पर जोर दिया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. नेहा वार्ष्णेय और रचना नागर ने किया, जबकि समापन पर विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं और सक्रिय स्वयंसेविकाओं को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम का समापन डॉ.विजयलक्ष्मी मिश्रा के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।


