बीजापुर| जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता परखने एनकास ( नेशनल क्वालिटी एश्युरेंस स्टेंडर्ड) की टीम ने बीते दिनों निरीक्षण किया। इसमें टीम ने अस्पताल में चल रहे 15 विभागों की जांच की। टीम ने हर विभाग में सुविधाओं व व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की। तीन दिनों के निरीक्षण के दौरान टीम के सदस्य तरुण भारद्वाज, वैष्णव सुंदरी व शिवानी डहरिया ने ओपीडी, आईपीडी, लेबर रूम, पैथोलॉजी, फार्मेसी सहित सभी विभागों का जायजा लिया। वहीं मरीजों से बात कर अस्पताल में मिलने वाली सुविधाओं के बारे में भी टीम के सदस्यों ने जाना। बताया जाता है कि निरीक्षण के लिए कई हफ्तों से तैयारी की जा रही थी। पूरा प्रबंधन इस बात को लेकर प्रयासरत है कि अस्पताल को एनकास से मान्यता मिल जाए। पिछली बार 2022 में पहुंची एनकास की टीम के निरीक्षण में मिली कमियों को इस बार सुधारा भी गया है। इस बार टीम ने निरीक्षण के दौरान कुछ विभागों में व्यवस्थाओं की सराहना की।


