परसाद थाना क्षेत्र के देवेन्द्र एनिकट में आज एक सोलह वर्षीय किशोरी का शव तैरता मिलने से सनसनी फैल गई। आज सुबह एनिकट में किशोरी का शव तैरता मिलने की सूचना पर ग्रामीणों की भीड जमा हो गई। सूचना पर परसाद थाना पुलिस वहां पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को एनिकट के पानी से बाहर निकलवाया और परसाद मॉर्च्युरी पहुंचाया। किशोरी के बैग से मिले परिचय पत्र से मृतका की पहचान ढेलाई पंचायत के बरोठी निवासी 16 साल की पायल पुत्री शिवलाल मीणा के रूप में हुई। जानकारी मिलते ही परिजन, रिश्तेदार मौके पर पहुंच गए। थाना परिसर में जुटे ग्रामीणों व परिजनों ने बालिका के साथ हुई घटना की सूचना पुलिस द्वारा परिजनों को नही देने व परिजनों के पहुंचने से पहले शव को मॉर्च्युरी में रखवा देने का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर अपना विरोध जताते रहे।
इसके चलते देर शाम तक मृतका के शव का पोस्टमार्टम नही करवाया जा सका। मामले की गंभीरता को देखते हुए सलूम्बर एएसपी रतन चावला ने मौतबीर व परिजनों से घटना की जांच में सहयोग करने के लिए समझाईश की व निष्पक्ष जांच की बात कही। इस मौके पर सराडा डिप्टी चांदमल सिंगारिया, परसाद थानाधिकारी नरेश कुमार सहित पुलिस के जवान मौजूद रहे। इनपुट : बंशीलाल मीणा, टीड़ी


