राजधानी में मंगलवार को साइबर फ्रॉड का एक अलग तरह का मामला सामने आया। यहां जालसाजों ने एक महिला के मोबाइल फोन पर पहले एपीके फाइल भेजी। वॉट्सएप ऑटो डाउनलोड मोड पर था। फाइल आते ही पूरा फोन हैक हो गया। इसके बाद हैकरों ने महिला के बैंक खाते और क्रेडिट कार्ड से 12 लाख 25 हजार 248 रुपए निकाल लिए। महिला ने साइबर थाने में शिकायत की है। जालसाजी की यह वारदात इंद्रपुरी की रहने वाली सुनीता कात्याल के साथ हुई। सुनीता हाउसवाइफ हैं। उनके पति दुकान चलाते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि मंगलवार सुबह 11:00 उनके फोन पर वॉट्सएप पर एक एपीके फाइल आई। फाइल डाउनलोड होते ही उनके मोबाइल पर कई ओटीपी आने लगे। ओटीपी ऑटो फिल होते गए और बैंक खाते से 6 बार में और क्रेडिट कार्ड से एक बार पैसे कटे। इस तरह कुल 12. 25 लाख रुपए निकाल लिए गए। वॉट्सएप पर ऑटो डाउनलोड बंद रखें, धोखाधड़ी का खतरा घटेगा साइबर एक्सपर्ट चातक वाजपेयी के मुताबिक, साइबर ठग ऐसे फोटो, वीडियो या पीडीएफ भेजते हैं, जिनमें मालवेयर छिपा होता है। ऑटो-डाउनलोड ऑन होने पर फाइल अपने आप फोन में सेव हो जाती है और खतरा शुरू हो जाता है। इनमें कुछ फाइलें फोन की परमिशन चुपचाप एक्सेस कर लेती हैं, जिससे ओटीपी चोरी होना और बैंक की जानकारी लीक होती है। ऐसे में वॉट्सएप और अन्य सोशल मीडिया एप पर ऑटो डाउनलोड बंद रखें। एप को दी हुई परमिशन समय समय पर चेक करें। वॉट्सएप पर मीडिया ऑटो डाउनलोड पर था जांच में पता चला कि सुनीता के मोबाइल पर वॉट्सएप पर आने वाली सभी प्रकार के मीडिया का डाउनलोड ऑटो पर लगा था। इसके चलते एपीके फाइल आते ही अपने आप डाउनलोड हो गई। फाइल डाउनलोड होते ही पूरा मोबाइल हैक हो गया। इसी का फायदा उठाते हुए आरोपियों ने उनके बैंक खाते से पैसे निकाल लिए।


