नर्मदापुरम जिले के सोहागपुर में मंगलवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर एसडीएम कार्यालय पहुंचकर घेराव किया। करीब आधे घंटे तक कार्यकर्ता एसडीएम कक्ष के सामने धरने पर बैठे रहे और जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन अभाविप विभाग संयोजक मृदुल नाथ चौहान के नेतृत्व में हुआ। बाद में कार्यकर्ताओं ने नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा और चेतावनी दी कि समस्याओं का निराकरण नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। प्राचार्य पर शिक्षिका से अभद्रता और छात्रों से दुर्व्यवहार के आरोप मृदुल नाथ चौहान ने बताया कि शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला शोभापुर के प्राचार्य पर शिक्षिका के साथ अभद्रता करने का आरोप है। इससे पहले भी छात्रों के साथ गलत व्यवहार की शिकायतें हो चुकी हैं, पर कार्रवाई नहीं हुई। इसी कारण प्राचार्य को हटाने की मांग की गई है। स्कूल भवन, शौचालय और खेल मैदान की हालत खराब ABVP ने स्कूलों की अन्य समस्याओं को भी उठाया। शासकीय बालक उत्कृष्ट शाला सेमरी हरचंद के भवन तथा प्रसाधन की स्थिति काफी खराब बताई गई। खिलाड़ियों के लिए खेल मैदान बंद पड़े हैं और खेल सामग्री उपलब्ध नहीं है। प्रायोगिक कक्षाएं भी नियमित नहीं हो पा रही हैं। छात्रावास में शेड और पानी की टंकी चोरी, कार्रवाई नहीं हुई ABVP ने बताया कि शासकीय कस्तूरबा बालिका छात्रावास सेमरी हरचंद के पुराने भवन से तीन बड़े शेड तथा पानी की टंकी चोरी हुए थे, लेकिन विभाग ने उस पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की। वहीं एक साल पहले बुक में गड़बड़ी कर लाखों रुपये का लेनदेन होने की बात भी कही गई और इसकी उच्च स्तरीय जांच की मांग की। 8 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन करेंगे छात्र ABVP ने कहा कि यदि 8 दिनों में जांच कर कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन बड़ा आंदोलन करेगा।धरना प्रदर्शन में प्रांत कार्यकारिणी सदस्य यशवंत दुबे, किशन चौबे, नगर मंत्री राहुल रघुवंशी, अमन सोनी, सौरभ प्रजापति, मोहित मीना सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


