एमपीयूएटी में पदक लेने वालों में 57 प्रतिशत लड़कियां:दीक्षांत समारोह 21 को, राज्यपाल बागडे 1181 छात्र-छात्राओं को उपाधियां प्रदान करेंगे

उदयपुर की महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमपीयूएटी) का 18 वां दीक्षांत समारोह 21 दिसम्बर को होगा। इसमें राज्यपाल 1181 छात्र-छात्राओं को उपाधियां प्रदान करेंगे। सबसे खास बात यह है कि पदक लेने वालों में 57 प्रतिशत बेटियों का नाम है। विश्वविद्यालय परिसर स्थित विवेकानंद सभागार में सुबह 10.45 बजे होने वाले समारोह की अध्यक्षता राज्यपाल और कुलाधिपति हरिभाऊ बागडे करेंगे। दीक्षांत उद्बोधन प्रख्यात वैज्ञानिक व असम कृषि विश्वविद्यालय, जोरहाट के पूर्व कुलपति डा. अमरनाथ मुखोपाध्याय प्रदान करेंगे। विश्वविद्यालय के कुलपति डा. अजीत कुमार कर्नाटक ने बताया कि समारोह में राज्यपाल हरिभाऊ बागडे कुल 1181 छात्र-छात्राओं को उपाधियां प्रदान करेंगे। इनमें 790 छात्र व 391 छात्राएं हैं। इसके अलावा अकादमिक वर्ष 2023-24 में उत्तीर्ण 938 स्नातक, 181 निष्णात (पीजी) व 62 विद्या वाचस्पति (पीएचडी) अभ्यर्थियों को दीक्षा प्रदान की जाएगीे। साथ ही विद्या वाचस्पति अभ्यर्थियों तथा विभिन्न संकायों के प्रतिभावान योग्य 42 विद्यार्थियों को पदक प्रदान किए जाएंगे। पदक विजेताओं में 57 प्रतिशत भागीदारी के साथ 24 छात्राएं व 18 छात्र है। डा. कर्नाटक ने बताया कि शनिवार सुबह राज्यपाल विश्वविद्यालय परिसर स्थित विवेकानन्द सभागार, डेयरी व खाद्य प्रौद्योगिकी महाविद्यालय के सामने पहुंचेगे वहां एन.सी.सी. कैडेट उन्हें डा. ऑफ ऑनर देंगे। वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा स्वागत उपरांत राज्यपाल एकेडेमिक प्रोसेशन के संग सभागार में पहुंचेंगे जहां दीक्षान्त समारोह का आगाज राष्ट्रगान के साथ होगा। दीक्षांत समारोह में एक विशिष्ठ आयोजन के अंतर्गत विश्वविद्यालय की विगत दो वर्षों में अर्जित उपलब्धियों तथा नेतृत्व द्वारा दिए गए प्रेरक व दूरदर्शी व्याख्यानों पर आधारित दो प्रकाशनों का भी राज्यपाल विमोचन करेंगे। दीक्षांत समारोह की तैयारियों को कुलसचिव सुधांशु सिंह, समारोह समन्वयक डा. लोकेश गुप्ता और डेयरी एवं खाद्य प्रौद्योगिकी महाविद्यालय के अधिष्ठाता तथा डा. रामहरि मीणा, परीक्षा नियंत्रक के निर्देशन में अंतिम रूप दिया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *