खरगोन जिले के निशानेबाज ऐश्वर्य प्रताप सिंह ने भोपाल में आयोजित 68वीं नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में मंगलवार को स्वर्ण पदक जीता है। उन्होंने 50 मीटर राइफल 3 पोजिशन इवेंट में नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी बनाया। क्वालिफिकेशन राउंड में ऐश्वर्य ने 600 में से 597 अंक हासिल किए। फाइनल में उन्होंने 470.5 अंक के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया, जो एक नया नेशनल रिकॉर्ड है। युवा, खेल एवं सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग ने ऐश्वर्य को सम्मानित किया। उनके कोच वैभव शर्मा ने बताया कि पिछला विश्व रिकॉर्ड 468.9 अंक था, जिसे ऐश्वर्य ने पार कर लिया। पिछले एक माह में ऐश्वर्य ने तीन राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया है और सभी में पदक जीते हैं। दो बार के ओलंपियन ऐश्वर्य ने 11 नवंबर को मिस्र के काहिरा में आयोजित आईएसएसएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन मेंस के फाइनल में रजत पदक जीता था। इसके बाद, 7 दिसंबर को कतर के दोहा में आयोजित आईएसएसएफ वर्ल्ड कप फाइनल प्रतियोगिता के 50 मीटर राइफल 3 पोजिशन इवेंट में भी उन्होंने रजत पदक हासिल किया। इस राष्ट्रीय चैंपियनशिप में भी उन्होंने अपने शानदार प्रदर्शन को बरकरार रखा है।


