एमपी के 5 जिलों में कोल्ड-डे का अलर्ट:आगर-मालवा में कोहरे से बस पलटी; मऊगंज में 50 मीटर रही विजिबिलिटी

मध्यप्रदेश के 20 से ज्यादा जिलों में रविवार सुबह कहीं मध्यम तो कहीं घना कोहरा छाया रहा। मऊगंज में 50 मीटर तक विजिबिलिटी रही। घने कोहरे की वजह से आगर-मालवा में बस पलट गई। हादसे में 17 लोग घायल हो गए। दूसरी तरफ, इंदौर में सुबह से मौसम साफ है। मौसम विभाग ने आज शाजापुर, सीहोर, रायसेन, रतलाम और सिंगरौली में कोल्ड-डे का अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, बर्फीली हवा से प्रदेश ठिठुर रहा है। अगले 3 दिन कोहरे और कोल्ड-डे का अलर्ट है। बस के नीचे दबे ढाई साल का बच्चा और पिता
आगर-मालवा में घने कोहरे के चलते स्लीपर कोच बस अज्ञात वाहन से टकरा गई। 17 यात्री घायल हो गए। हादसे में ढाई साल का बच्चा और उसका पिता बस के नीचे फंस गए, जिन्हें बचाव दल ने बाहर निकाला। सभी घायलों को सुसनेर के सिविल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। गंभीर रूप से घायल एक यात्री को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। रविवार को मौसम की दो तस्वीरें देखिए… स्कूलों में छुट्‌टी करने का सुझाव
मौसम विभाग ने पहली बार स्कूलों में छुट्‌टी करने का सुझाव भी दिया है। वहीं, अस्पतालों में पर्याप्त इलाज और मजदूरों के रात और सुबह के समय काम करने पर रोक लगाने की बात भी कही है। अगले 2 दिन ऐसा रहेगा मौसम शिवपुरी में पारा 19 डिग्री, ग्वालियर में 21 डिग्री रहा
प्रदेश के कई शहरों में शनिवार को कोल्ड-डे जैसी स्थिति रही। शिवपुरी में सबसे कम 19 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। दमोह में 20 डिग्री, खजुराहो में 22.2 डिग्री, नौगांव में 22.5 डिग्री, नरसिंहपुर में 22.6 डिग्री, रीवा-पचमढ़ी में 23 डिग्री तापमान रहा। बड़े शहरों में ग्वालियर सबसे ठंडा रहा। यहां दिन का तापमान 21 डिग्री दर्ज किया गया। भोपाल में 25.6 डिग्री, उज्जैन में 29 डिग्री, इंदौर में 27.9 डिग्री और जबलपुर में 25 डिग्री तापमान रहा। इससे पहले सुबह ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, शिवपुरी, निवाड़ी, छतरपुर, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, रतलाम, गुना, अशोकनगर, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, मंडला, खजुराहो, नौगांव में कोहरे का असर देखने को मिला। कहीं 50 से 100 मीटर तो कहीं 1 से 2 किमी तक विजिबिलिटी दर्ज की गई। वहीं, दोपहर में कई शहरों में बादल छाए रहे। MP के 5 बड़े शहरों में जनवरी में ऐसा रहा सर्दी का ट्रेंड… भोपाल में 0.6 डिग्री पहुंच चुका टेम्प्रेचर
भोपाल में जनवरी में कड़ाके की ठंड पड़ती है। दिन में गर्मी का एहसास और बारिश का ट्रेंड भी है। 18 जनवरी 1935 को रात का टेम्प्रेचर रिकॉर्ड 0.6 डिग्री सेल्सियस रहा था। वहीं, 26 जनवरी 2009 को दिन में तापमान 33 डिग्री दर्ज किया गया था। यहां पिछले 10 में से 7 साल बारिश हो चुकी है। 24 घंटे में सबसे ज्यादा 2 इंच बारिश 6 जनवरी 2004 को हुई थी। वहीं, सर्वाधिक मासिक 3.8 इंच बारिश जनवरी 1948 में हुई थी। इंदौर में माइनस 1.1 डिग्री पहुंच चुका पारा
इंदौर में जनवरी में सर्दी का रिकॉर्ड माइनस में पहुंच चुका है। 16 जनवरी 1935 को पारा माइनस 1.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। यह ओवरऑल रिकॉर्ड है। वहीं, 27 जनवरी 1990 को दिन का तापमान 33.9 डिग्री रहा था। 24 घंटे में सर्वाधिक बारिश होने का रिकॉर्ड 6 जनवरी 1920 के नाम है। इस दिन 3 इंच से ज्यादा पानी गिरा था। वहीं, वर्ष 1920 में सर्वाधिक मासिक बारिश 4 इंच दर्ज की गई थी। जबलपुर में 1946 में रिकॉर्ड 1.1 डिग्री रहा था पारा
जबलपुर में भी जनवरी में ठंड-बारिश का ट्रेंड है। 7 जनवरी 1946 को रात का पारा रिकॉर्ड 1.1 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था। वहीं, दिन का उच्चतम तापमान 33.4 डिग्री 7 जनवरी 1973 को रहा था। 24 घंटे में सर्वाधिक बारिश 24 जनवरी 1919 को 2.5 इंच हुई थी। इसी साल पूरे महीने 8 इंच से ज्यादा पानी गिरा था। उत्तरी हवा आने से ग्वालियर सबसे ठंडा
उत्तरी हवाओं की वजह से प्रदेश का ग्वालियर-चंबल सबसे ठंडा रहता है। पिछले 10 साल का रिकॉर्ड देखें तो 2018 में तापमान 1.9 डिग्री और 2019 में 2.4 डिग्री दर्ज किया गया था। 24 जनवरी 1954 को रात का तापमान माइनस 1.1 डिग्री सेल्सियस रहा था। ग्वालियर में जनवरी में बारिश भी होती है। साल 2014 से 2024 के बीच 9 साल बारिश हो चुकी है। 24 घंटे में सर्वाधिक बारिश का रिकॉर्ड 8 जनवरी 1926 को है। इस दिन 2.1 इंच पानी गिरा था। वहीं, 1948 में कुल मासिक बारिश 3.1 इंच हुई थी। उज्जैन में जीरो डिग्री रह चुका पारा
उज्जैन में भी उत्तरी हवा का असर रहता है। इस वजह से यहां कड़ाके की ठंड पड़ती है। 22 जनवरी 1962 को पारा 0 डिग्री सेल्सियस रहा था। पिछले 10 साल में टेम्प्रेचर 2 से 5.8 डिग्री सेल्सियस तक रह चुका है। 24 घंटे में सर्वाधिक बारिश होने का रिकॉर्ड 11 जनवरी 1987 के नाम है। इस दिन सवा इंच पानी गिरा था। वहीं, सर्वाधिक कुल मासिक 2.2 इंच 1994 में हुई थी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *