एमपी पावर की अंतरक्षेत्रीय महिला क्रिकेट प्रतियोगिता:इंदौर क्षेत्र बना चैंपियन; रिंकी को मिला प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब

एमपी पावर मैनेजमेंट कंपनी की केन्द्रीय खेल एवं कला परिषद द्वारा आयोजित पहली अंतरक्षेत्रीय विद्युत महिला क्रिकेट प्रतियोगिता का खिताब इंदौर क्षेत्र ने अपने नाम कर लिया है। फाइनल मुकाबले में इंदौर ने केन्द्रीय कार्यालय जबलपुर को 12 रन से हराया। फाइनल मैच में केन्द्रीय कार्यालय जबलपुर ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का निर्णय लिया। इंदौर की टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 8 ओवर में 84 रन बनाए। इंदौर की ओर से नीरू ने 48 रन की शानदार पारी खेली, जबकि सुमिती ने 14 रन का योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी केन्द्रीय कार्यालय जबलपुर की टीम निर्धारित ओवरों में 72 रन ही बना सकी। मनीषा झारिया ने 39 रन और मीना ने 9 रन बनाकर नाबाद रहीं, लेकिन टीम जीत हासिल नहीं कर पाई। इस तरह इंदौर ने फाइनल मुकाबला 12 रन से जीत लिया। प्रतियोगिता में श्री सिंगाजी ताप विद्युत गृह दोंगलिया (खंडवा) ने जबलपुर क्षेत्र को 10 विकेट से हराकर तीसरा स्थान प्राप्त किया। पांच-पांच ओवर के इस मैच में जबलपुर क्षेत्र ने 34 रन बनाए, जिसके जवाब में श्री सिंगाजी ताप विद्युत गृह ने बिना विकेट गंवाए लक्ष्य हासिल कर लिया। इससे पहले खेले गए लीग मैच में भी इंदौर क्षेत्र ने केन्द्रीय कार्यालय जबलपुर को 9 विकेट से पराजित किया था। उस मैच में केन्द्रीय कार्यालय की ओर से मनीषा झारिया ने 25 रन की नाबाद पारी खेली थी, जबकि इंदौर की ओर से रिमी (37 रन) और नीरू (23 रन) ने टीम को जीत दिलाई थी। प्रतियोगिता के समापन पर एमपी पावर मैनेजमेंट कंपनी के कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन एवं प्रशासन) एवं केन्द्रीय खेल एवं कला परिषद के महासचिव राजीव गुप्ता ने विजेता और उपविजेता टीम को शील्ड से पुरस्कृत किया। व्यक्तिगत पुरस्कारों में इंदौर की रिंकी को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज का खिताब केन्द्रीय कार्यालय जबलपुर की मनीषा झारिया को मिला, जबकि सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज अनुपमा तिवारी (केन्द्रीय कार्यालय जबलपुर) रहीं। इंदौर की नीरू को सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक का पुरस्कार दिया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *