22 अप्रैल को हुए पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत की तरफ से जवाबी कार्रवाई जारी है। मध्यप्रदेश में ऑपरेशन सिंदूर की सफलता को लेकर जश्न और पाकिस्तान का विरोध लगातार हो रहा है। बॉर्डर पर तैनात जवानों के लिए दुआ और पूजा-पाठ की जा रही है। आज प्रदेश भर में शाम 5 बजे बीजेपी के कार्यकर्ता भारत माता की आरती करेंगे। भोपाल के भारत माता चौराहे पर बीजेपी जिला अध्यक्ष रविन्द्र यती के नेतृत्व में बीजेपी के कार्यकर्ताभारत माता की आरती करेंगे। ग्वालियर का राजमाता विजयाराजे सिंधिया एयरपोर्ट शनिवार से यात्रियों के लिए खोल दिया गया। 6-7 मई की दरमियानी रात ऑपरेशन सिंदूर के बाद से इस एयरपोर्ट को यात्री फ्लाइट के लिए बंद कर दिया गया था। हालांकि एयरपोर्ट के आसपास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। एयरपोर्ट तक सिर्फ टिकट ले चुके यात्री ही पहुंच सकते हैं। देवास में एक्स मेन वेलफेयर सोसाइटी के पूर्व सैन्य अधिकारियों ने एमजी रोड स्थित खेड़ापति हनुमान मंदिर में हनुमान चालीसा का पाठ किया। पूर्व सैनिकों ने जवानों की सुरक्षा के लिए प्रार्थना की। भारत-पाक में तनाव के बीच सीहोर के कुबेरेश्वर धाम के प्रसिद्ध कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने झारखंड में आयोजित होने वाली श्री शिव पुराण कथा को रद्द कर दिया है। यह कथा 13 से 17 मई तक रांची-गुमला फोरलेन स्थित बाबा चरैया नाथ धाम, ग्राम मुर्मू में दोपहर 1 से 4 बजे तक होने वाली थी।


