मध्यप्रदेश में नए साल की पहली सुबह सूरज सबसे पहले सिंगरौली में निकलेगा। सुबह 6.17 बजे सिविल ट्वाइलाइट यानी आसमान चमकीला पीला-नारंगी हो जाएगा। जबकि सूर्योदय 6.42 बजे होगा। इसके करीब 33 मिनट बाद यानी सबसे आखिरी में नीमच में सूर्योदय होगा। भोपाल, इंदौर, उज्जैन और ग्वालियर से पहले जबलपुर के लोग सूर्य के दर्शन कर सकेंगे। कई लोग साल की शुरुआत सूर्य को अर्ध्य देकर करते हैं। लेकिन इस बार बदले मौसम की वजह से उन्हें सूर्य के दर्शन देरी से होंगे। भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर समेत आधे प्रदेश में कोहरे का असर रहेगा। इस वजह से पूर्ण रूप से सूर्य देव के दर्शन नहीं हो सकेंगे। दक्षिणी हिस्से के जिलों में मौसम साफ रहेगा। यानी यहां पर लोग आसानी से सूर्य के दर्शन कर पाएंगे। एक्सपर्ट से समझें, कहां-कब होगा नए साल का सूर्योदय
नए साल की पहली सुबह पर सूर्योदय की टाइमिंग क्या रहेगी, इसे लेकर भास्कर ने नेशनल अवॉर्ड विनर विज्ञान प्रसारक (साइंस ब्रॉडकास्टर) सारिका घारू से बात की। उन्होंने बताया कि प्रदेश के पूर्वी हिस्से के शहरों में सूर्य के दर्शन पहले होंगे। वहीं, पश्चिमी हिस्से में कुछ इंतजार करना पड़ेगा। प्रदेश के सिंगरौली में सबसे पहले सूर्य दर्शन होंगे। इसके करीब 32 मिनट बाद सबसे अंत में नीमच में सूर्यादय होगा। सूर्योदय से पहले पीला-नारंगी आसमान
सारिका ने बताया कि सूर्य उदय के ठीक पहले आकाश में चमकीला पीला और नारंगी रंग बिखरना शुरू हो जाता है। इस दौरान सूर्य क्षितिज से लगभग 6 डिग्री नीचे रहता है। यह हमें सूर्योदय की सूचना देता है। इसे सिविल ट्वाइलाइट कहा जाता है। यह सूर्योदय के लगभग 25 मिनट पहले होता है। नए साल 2025 का प्रथम सूर्य दर्शन और आपके शहर में सिविल ट्वाइलाइट के आधार पर तय होगा। क्या होता है सिविल ट्वाइलाइट?
सिविल ट्वाइलाइट, गोधूलि का सबसे चमकीला चरण होता है। यह तब होता है जब सूर्य क्षितिज से 0 से 6 डिग्री नीचे होता है। इस दौरान पर्याप्त प्राकृतिक प्रकाश होता है, जिससे ज्यादातर बाहरी काम करने के लिए बिजली या टॉर्च की जरूरत नहीं होती। सिविल ट्वाइलाइट के दौरान, आकाश उज्ज्वल दिखता है, खासकर अगर आसमान साफ हो और बादल न हों। सिविल ट्वाइलाइट के बारे में ये भी जानिए- दिन की शुरुआत सूर्य दर्शन से होती है
नए साल की शुरुआत वैसे तो मध्य रात्रि 12 बजे के ठीक बाद मानी जाती है, लेकिन वास्तव में सूर्य के दर्शन से ही दिन की शुरुआत होती है। भारतीय तिथियां भी सूर्योदय के समय से ही मान्यता रखती हैं। मुनष्य के अलावा पक्षियों और अन्य जीवों की दैनिक गतिविधियां सूर्योदय से ही जुड़ी रहती हैं। सूर्य के महत्व को देखते हुए नए साल के पहले सूर्य दर्शन की शुरुआत कितने बजे होगी, यह अहम है। इन शहरों में कोहरा भी छाया रहेगा
भोपाल, ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, शिवपुरी, दतिया, नीमच, मंदसौर, आगर-मालवा, राजगढ़, सीहोर, रायसेन, विदिशा, सागर, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, दमोह, जबलपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, उमरिया, शहडोल, डिंडौरी, कटनी और अनूपपुर में सूर्योदय के दौरान कोहरा छाया रहेगा।


