एमपी-यूपी और राजस्थान में ओला-बारिश की चेतावनी:गुलमर्ग से भी ठंडा रहा श्रीनगर, पारा माइनस 6°; लाहौल-स्पीति में फंसे 100 टूरिस्ट को पुलिस ने निकाला

उत्तर भारत में शीतलहर जारी है। पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में पारा 10° से कम रहा। IMD ने मध्य प्रदेश, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और हिमाचल के कुछ हिस्सों में ओले गिरने का अलर्ट जारी किया है। बंगाल की खाड़ी से आने वाली हवाओं के कारण मध्य भारत और दिल्ली-एनसीआर में बारिश होगी। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के चलते श्रीनगर में पारा माइनस 6° रिकॉर्ड किया गया। श्रीनगर, गुलमर्ग से भी ठंडा रहा। यहां पारा शून्य से 6.6° सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। हालांकि श्रीनगर में इस सीजन में अब तक बर्फबारी नहीं हुई है। हिमाचल में बर्फबारी के बाद तीन नेशनल हाईवे समेत करीब 134 सड़कें बंद कर दी गई हैं। कोकसर में सबसे ज्यादा 5.6 सेमी बर्फबारी हुई। लाहौल स्पीति जिले का ताबो सबसे ठंडा रहा। यहां रात का तापमान माइनस 10.6° से नीचे रहा। लाहौल एवं स्पीति में बर्फबारी का आनंद लेने आए करीब 100 टूरिस्ट की गाड़ियां फंस गई थीं। सेक्टर 2 में तैनात जिला पुलिस की टीम ने लगभग 20 गाड़ियों का रेस्क्यू किया और टूरिस्ट को स्नोकवर एरिया से बाहर निकाला। मौसम की 3 तस्वीरें… हिमाचल में बर्फबारी, 134 सड़कें अब भी बंद तीन राष्ट्रीय राजमार्गों अटारी और लेह, कुल्लू में सैंज से औट, किन्नौर में खाब संगम और लाहौल-स्पीति में ग्रामफू समेत कुल 134 सड़कें बंद कर दी गई हैं। स्टेट इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर के मुताबिक शिमला में सबसे ज्यादा 77 सड़कें बंद हैं, जबकि कुल्लू में 25, लाहौल-स्पीति में 36 और मंडी में 14 सड़कें बंद हैं। मौसम विभाग का कहना है कि शुक्रवार और शनिवार को राज्य के कुछ हिस्सों, खासकर शिमला में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। अगले 3 दिन का मौसम… 27 दिसंबर: 8 राज्यों में ओले गिरने का अलर्ट 28 दिसंबर: 2 राज्यों में ओले गिरने का अलर्ट 29 दिसंबर: एमपी-राजस्थान में बारिश का अलर्ट राज्यों से मौसम की खबरें… राजस्थान : कल से 27 जिलों में ओले-बारिश की संभावना, 3 दिन कड़ाके की ठंड पड़ेगी बुधवार को माउंट आबू 3.8° तापमान के साथ सबसे ठंडा रहा। अगले 24 घंटे में नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सिस्टम एक्टिव होने के आसार हैं। इसके कारण गुरुवार को दिनभर बादल रहेंगे और शुक्रवार को इसर दिखेगा। मौसम विभाग ने प्रदेश के 27 जिलों में ओले-बारिश का अलर्ट जारी किया है। अगले 4 दिन तक प्रदेश में कड़ाके की सर्दी पड़ सकती है। मध्य प्रदेश : 7 जिलों में मावठा गिरा, 12 जिलों में कोहरा छाया प्रदेश के 7 जिलों में बारिश हुई यानी मावठा भी गिरा। 12 जिलों में कोहरे का सबसे अधिक असर दिखा। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से नमी आ रही है। दो विपरीत दिशा की हवाएं मप्र के पास आकर मिल रही हैं। इस कारण मौसम में यह बदलाव हुआ। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में अगले 2 या 3 दिन बादल, कोहरे के आसार हैं। हरियाणा : 12 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट, 1 जनवरी से 15 दिन बंद रहेंगे स्कूल प्रदेश के 12 जिलों में घने कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है। यह दौर 29 दिसंबर तक जारी रहेगा। पहाड़ों पर एक्टिव हो रहे वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण 27 दिसंबर से कुछ जिलों में ओले गिरने के भी आसार हैं। हरियाणा सरकार ने स्कूलों में सर्दी की छुट्टियों की घोषणा कर दी है। ये छुट्टियों 1 से 15 जनवरी तक रहेंगी, जो सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों पर लागू होंगी। पढ़ें पूरी खबर…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *