लखनऊ के बादशाहनगर और लेखराज के बीच रेलवे ट्रैक पर मिले अज्ञात शव की पहचान हो गई है। शव भदोही के महदवां ज्ञानपुर के रहने वाले सूरज यादव का था। शव की पहचान होने के बाद पिता रमेश यादव ने उसके दो दोस्तों संदेश तिवारी और कृष्णा के खिलाफ हत्या की आशंका जताते हुए गाजीपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इंस्पेक्टर गाजीपुर विकास राय बताया कि सूरज यहां रवींद्रपल्ली में किराए पर रहता था। लखनऊ के प्राइवेट कॉलेज से एमबीए की पढ़ाई कर रहा था। 21 दिसंबर को उसको कॉल किया तो रिसीव नहीं कर रहा था। परिवारीजन लगातार फोन कर रहे थे। 22 दिसंबर को संदेश तिवारी ने फोन कर सूरज के भाई अभिषेक को बताया कि उसके कपड़े बादशाहनगर मेट्रो स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर पड़े हैं। कपड़े से हुई शव की पहचान इसके बाद कृष्णा ने वीडियो काल कर कपड़े दिखाए। इस पर रमेश यादव ने बेटे के लापता होने और कपड़े रेलवे ट्रैक पर पड़े होने की जानकारी पुलिस को दी। जानकारी के देने के बाद रमेश लखनऊ पहुंचे। थाने में शव की फोटो दिखाने के बाद अपने बेटे की पहचान की। असल में अज्ञात शव 72 घंटे तक रखा जाता है। जिसके चलते सूरज की पहचान हो गई। बुधवार को परिजन सूरज का पोस्टमार्टम कराकर शव लेकर चले गए। रमेश की तहरीर पर संदेश और कृष्णा के खिलाफ गुरुवार रात मुकदमा दर्ज किया गया है। इंस्पेक्टर गाजीपुर का कहना है शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।


