भारत-पाकिस्तान के बीच सीजफायर के दूसरे दिन रविवार को हालात सामान्य रहे। वहीं रात को ब्लैक आउट भी नहीं किया गया। दिन में बाजारों में चहल पहल रही मगर डीसी साक्षी साहनी ने आदेश जारी किया है कि 12 मई को सभी सरकारी-निजी और सहायता प्राप्त स्कूल पूर्ण तौर पर बंद रहेंगे। टीचर ऑनलाइन क्लासेज लगा सकते हैं। किसी भी टीचर को स्कूल नहीं बुलाया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने पर प्रशासन सख्त एक्शन लेगा। वहीं श्री गुरु रामदास इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुई एक बैठक के बाद सांसद गुरजीत सिंह औजला ने कहा कि स्थिति पूरी तरह से कंट्रोल में है, किसी को घबराने की जरूरत नहीं है। हाल ही में पाकिस्तान की ओर से ड्रोन हमलों के बाद पैदा हुए तनाव को लेकर सांसद ने रविवार को स्थिति का जायजा लिया। बैठक में एयरपोर्ट अथारिटी डायरेक्टर सुदर्शन कुमार के अलावा सीआईएसएफ के अधिकारी भी मौजूद थे। औजला ने कहा कि एयरपोर्ट गुरुनगरी की आर्थिक रीढ़ है और किसी भी तरह की अफवाह या गलत सूचना से पैनिक फैल सकता है। इसका सबको ख्याल रखना होगा।


