बूंदी| कोटा-बूंदी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के शिलान्यास कार्यक्रम से पहले बूंदी विधायक हरिमोहन शर्मा ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र लिखकर मिनी सचिवालय की घोषणा करने का अनुरोध किया है। विधायक ने पत्र में कहा कि 7 मार्च को बूंदी में प्रस्तावित एयरपोर्ट शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान जिले की जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए मिनी सचिवालय की घोषणा की जाए। शर्मा ने पत्र में लिखा कि मुख्यमंत्री कोटा-बूंदी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के शिलान्यास के लिए बूंदी आ रहे हैं, जिसका स्वागत और अभिनंदन है। विधायक ने पत्र में उल्लेख किया कि बूंदी में मिनी सचिवालय बनाने की मांग लंबे समय से उठाई जा रही है। यह मांग बूंदी की जनता की जनभावना के अनुरूप है और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की ओर से भी इस संबंध में सार्वजनिक आश्वासन दिया गया है। शर्मा ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि 7 मार्च को एयरपोर्ट शिलान्यास कार्यक्रम के अवसर पर मिनी सचिवालय की घोषणा कर जनता की अपेक्षाओं को पूरा किया जाए।


