एयरफोर्स में नौकरी लगवाने के नाम पर वसूले 5 लाख:फर्जी जॉइनिंग लेटर देकर पहले कर्नाटक, फिर जैसलमेर भेजा; आरोपी गिरफ्तार

भारतीय वायु सेना (Indian Air Force) में क्लर्क के पद पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगी करने के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। वायु सेना में नौकरी लगवाने की एवज में एक युवक से 5 लाख रुपए लिए गए और नियुक्ति का फर्जी जॉइनिंग लेटर भी थमा दिया। प्रार्थी को पहले कर्नाटक में, फिर जैसलमेर में जॉइनिंग करने के लिए कहा गया। हालांकि जैसलमेर पहुंचने पर जब जॉइनिंग नहीं मिली तो पूरे मामले का खुलासा हुआ। गुढ़ागौड़जी थानाधिकारी सुरेश कुमार रोलन ने बताया- थाना क्षेत्र निवासी नरेन्द्र कुमार ने 25 अप्रैल 2025 को शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद आरोपी आशीष कुमार(23) पुत्र सांवरमल (निवासी भोड़की) को आज उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी ने खुद को वायु सेना का कर्मचारी बताया
थानाधिकारी ने बताया कि दर्ज रिपोर्ट के अनुसार- वर्ष 2023 में प्रार्थी नरेन्द्र कुमार की मुलाकात श्रद्धानाथ कॉलेज गुढ़ागौड़जी में पढ़ते समय आरोपी आशीष कुमार पुत्र सांवरमल (निवासी भोड़की) से हुई। आशीष ने खुद को भारतीय वायु सेना का कर्मचारी बताते हुए कई लोगों को नौकरी दिलाने का दावा किया। इससे नरेंद्र कुमार उसके झांसे में आ गया और वायु सेना में नौकरी के लिए 5 लाख रुपए 8 मार्च 2023 से 14 अक्टूबर 2023 के बीच फोन-पे से आशीष के खाते में ट्रांसफर कर दिए थे। जॉइनिंग करने पहुंचा तो खुला राज
प्रार्थी नरेन्द्र कुमार 27.10.2023 को बेलगांव, कर्नाटक में बताए गए एयर फोर्स स्टेशन पर पहुंचा। वहां पहुंचने पर आरोपी आशीष कुमार ने उसे फोन पर बताया कि बेलगांव के बजाय अब उसे जैसलमेर जाना होगा, जहां उसे नियुक्ति मिलेगी। प्रार्थी जैसलमेर पहुंचा और आरोपी से मिला। आरोपी सात- आठ दिनों तक नियुक्ति का आश्वासन देता रहा और इसी दौरान उसने प्रार्थी से सभी ऑरिजनल दस्तावेज ले लिए। जब प्रार्थी ने दस्तावेज वापस मांगे तो आरोपी ने मना कर दिया और मौका पाकर वहां से गायब हो गया। 7-8 दिन परेशान होने के बाद प्रार्थी को बिना किसी नियुक्ति के घर वापस लौटना पड़ा। करीब 2 साल तक प्रार्थी आरोपी से पैसे मांगता रहा, लेकिन प्रार्थी देने में आनाकानी करता रहा। आखिरकार प्रार्थी की रिपोर्ट पर 25 अप्रैल 2025 को पुलिस थाना गुढ़ागौड़जी ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। प्रवेश पत्र और जॉइनिंग लेटर भी सौंपा
आरोपी ने सबकुछ असली दिखाने के लिए नकली दस्तावेज भी तैयार किए। इसके तहत लिखित टेस्ट का 15.03.2023 प्रवेश पत्र भी दिखाया। हालांकि इसके बाद कोई टेस्ट नहीं दिलवाया और पीड़ित से कहा कि उसकी ऊपर तक जान-पहचान है, वह उसे सीधा जॉइनिंग लेटर दिलवाएगा। टाइपिंग टेस्ट में सफलता की ई-मेल सूचना 29.04.2023 को भेजी। साथ ही यह भी बताया कि जॉइनिंग लेटर जारी कर दिया गया है। जॉइनिंग लेटर 28.10.2023 की तारीख में दिखाया गया। आरोपी आशीष ने यही लेटर सितम्बर 2023 प्रार्थी के घर जाकर सौंपा और उसे आश्वस्त किया है, जल्द ही उसकी जॉइनिंग होने वाली है। हालांकि इसके बाद आरोपी फरार हो गया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *