एयर इंडिया की फ्लाइट में हनीमून पर निकले:एयरपोर्ट पर गायब हुआ सामान, 24 घंटे बाद भी नहीं मिला

जोधपुर से शिमला हनीमून पर जा रहे एक नवविवाहित दंपती का सफर उस वक्त परेशानी में बदल गया, जब चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर उनका लगेज गायब हो गया। एयर इंडिया स्टाफ से बातचीत के बाद दंपती को भरोसा दिलाया गया कि उनका लगेज शिमला भेज दिया जाएगा, लेकिन 24 घंटे बीतने के बाद भी न तो लगेज का पता चला और न ही एयरलाइन की ओर से कोई स्पष्ट जानकारी दी गई। अब हालात यह हैं कि परेशान दंपती के फोन तक नहीं उठाए जा रहे। दरअसल जोधपुर के टिंबर व्यवसायी हितेष व्यास का 22 नवंबर को राधिका जोशी से विवाह हुआ था। दोनों 15 दिसंबर को हनीमून के लिए शिमला रवाना हुए। परिवार की ओर से जोधपुर से दिल्ली और दिल्ली से चंडीगढ़ की एयर इंडिया फ्लाइट बुक करवाई गई थी। सोमवार सुबह 10:20 बजे जोधपुर से उनकी पहली फ्लाइट रवाना होनी थी, लेकिन दिल्ली में घने कोहरे के कारण फ्लाइट काफी लेट हो गई और दोपहर 3:20 बजे उड़ान भर सकी। दिल्ली पर फ्लाइट शाम 4:30 बजे लैंड हुई। यहां से चंडीगढ़ की कनेक्टिंग फ्लाइट भी 4:40 बजे के बजाय 6:30 बजे उड़ी। शाम 7:30 बजे चंडीगढ़ पहुंचने पर दंपती को एयरपोर्ट पर अपना लगेज नहीं मिला। चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर एयरलाइन के ऑपरेशन मैनेजर से बात करने पर बताया गया कि दिल्ली एयरपोर्ट पर लगेज इधर-उधर हो गया है। उसी दिन दिल्ली से कोई फ्लाइट नहीं आने के कारण अगली फ्लाइट से लगेज भेजने की बात कही गई। दंपती को भरोसा दिलाया गया कि वे शिमला के लिए निकल जाए और उनका लगेज सीधे होटल भिजवा दिया जाएगा। इसके बाद हितेष और राधिका रात 8:30 बजे शिमला के लिए रवाना हो गए और रात करीब डेढ़ बजे वहां पहुंचे। मंगलवार शाम 4 बजे के बाद से ऑपरेशन मैनेजर ने फोन उठाना बंद कर दिया। खोए लगेज में नकदी, दवाइयां और ज्वैलरी हितेष और राधिका ने बताया कि यह उनकी पहली फ्लाइट यात्रा थी और पहला अनुभव ही बेहद खराब रहा। गायब हुए लगेज में दो बड़े बैग और एक छोटा बैग था, जिसमें कपड़ों के अलावा दवाइयां, करीब 20 हजार रुपए नकद, कुछ ज्वैलरी और कॉस्मेटिक आइटम रखे हुए थे। लगेज नहीं मिलने से शिमला में उनका पूरा हनीमून प्लान भी प्रभावित हो गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *