100 मीटर दूर फेंक गया था ब्रेथ एनालाइजर, सीसीटीवी खंगाल रहे एलआईजी चौराहे पर शनिवार रात कॉम्बिंग गश्त के दौरान एक कार चालक पुलिस का ब्रेथ एनालाइजर लेकर भाग गया। यहां मौजूद दर्जनभर पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा किया, लेकिन युवक चकमा देकर भाग गया। हालांकि आगे जाकर उसने ब्रेथ एनालाइजर फेंक दिया। उधर, गश्त के दौरान पुलिस ने शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों सहित 1364 को चेक किया और 793 पर कार्रवाई की। शनिवार रात पुलिस का गश्ती दल एलआईजी चौराहों के समीप बैरिकेड्स लगाकर शराबी वाहन चलाकों की चेकिंग कर रहा था। तभी कुछ सिपाहियों ने एक लाल रंग की आई-10 कार को रोका। चालक शराब के नशे में तो नहीं है, यह जांचने के लिए उसके मुंह पर ब्रेथ एनालाइजर लगाया। तभी अचानक युवक ने कार दौड़ा दी और ब्रेथ एनालाइजर साथ में लेकर भाग गया। इसके बाद सिपाही भी उसके पीछे भागे, लेकिन युवक हाथ नहीं आया। करीब 100 मीटर दूर जाकर कार चालक ने ब्रेथ एनालाइजर फेंक दिया। लाल कार का नंबर 4111 बताया जा रहा है। रात में पुलिस ने उसकी कार के नंबर और हुलिए के लिए कई फुटेज भी खंगाले है। देर रात और रविवार को दुकानें व ऑफिस बंद होने से फुटेज नहीं मिले हैं। सोमवार को फुटेज फिर खंगालेंगे। साथ ही पुलिस आरटीओ की मदद से उस कार चालक की जानकारी निकाल रही है।
शहर में रातभर चली चेकिंग उधर, शनिवार रात कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने शहर में जगह-जगह बैरिकेड्स लगाकर चेकिंग की। इस दौरान पुलिस ने गुंडे-बदमाशों और असामाजिक तत्वों की निगरानी करते हुए लगभग 1364 बदमाशों को चेक किया। उनमें से 793 पर कार्रवाई भी की। इसमें विभिन्न प्रकरणों में 286 से ज्यादा वारंटों को तामील कराया गया। अफसर बोले- लगातार जारी रहेगी कार्रवाई पुलिस चेकिंग के दौरान शराब पीकर गाड़ी चलाने वाले लापरवाह वाहन चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। इसमें 397 वाहन चालकों के विरुद्ध 185 मोटर व्हीकल एक्ट की कार्रवाई की गई। अफसरों का कहना है कि ये कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, ताकि शराब पीकर गाड़ी चलाते हुए लोगों की जान जोखिम में डालने वाले ऐसे लापरवाह वाहन चालकों पर रोक लगाई जा सके।


