एल्विश के विरोध पर राजनीति, FIR दर्ज करने की मांग:यादव समाज ने सौंपा ज्ञापन, गोविंदा का जलाया था पोस्टर, फिर कहा-कलाकारों का विरोध नहीं

सरगुजा में यूट्यूबर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर एल्विश यादव के विरोध को लेकर यादव समाज ने आपत्ति जताई है। यादव समाज ने प्रदर्शन करते हुए सरगुजा के कलेक्टर और एसपी के नाम ज्ञापन सौंपा। उन्होंने मांग की है कि एल्विश यादव के विरोध करने वालों और उनके काफिले पर हमला करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। यादव समाज के युवाओं ने कहा कि यह यादव समाज के साथ सरगुजा का अपमान है। अंबिकापुर में डांडिया कार्यक्रम में पहुंचे एल्विश यादव को विरोध का सामना करना पड़ा था। हिंदुवादी संगठनों के युवाओं ने एल्विश यादव के साथ ही अंजली अरोड़ा पर अश्लीलता फैलाने का आरोप लगाकर उनके कार्यक्रम को रोकने का ऐलान किया था। जब एल्विस यादव अपने काफिले के साथ पर्पल आर्किड पहुंचे, तो उनके काफिले पर हमले की कोशिश हुई। पुलिस ने जल्दी ही एल्विश यादव के काफिले को बाहर निकाला। एल्विस, अंजली के कार्यक्रम रद्द, लोगों के लाखों डूबे
विरोध के बाद पर्पल आर्किड में आयोजित एल्विश यादव और सरगवां पैलेस में अंजली अरोड़ा का कार्यक्रम निरस्त हो गया। पर्पल आर्किड के फैमिली पास 800 से 25 हजार रुपए तक में बिके थे। एल्विश यादव के बाद अंजली अरोड़ा का कार्यक्रम रद्द होने से लोगों को बहुत निराशा हुई। यहां हजारों की संख्या में पास बेचे गए थे। सरगवां पैलेस में अंजली अरोड़ा के बजाय टीवी सीरियल के कलाकार आए, जिससे लोग खुश नहीं थे और उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे। इस वजह से आयोजकों और लोगों के बीच विवाद भी हो गया। अभी तक आयोजकों ने पैसे वापस नहीं किए हैं। यादव समाज ने ज्ञापन सौंप एफआईआर की मांग की
यादव समाज के युवाओं ने सोमवार को कलेक्टोरेट चौक पर प्रदर्शन किया और एल्विश यादव का विरोध करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। विरोध करने वालों ने नायब तहसीलदार को अपना ज्ञापन सौंपा। यादव समाज के लोगों ने कहा कि एल्विश पर जो आरोप लगाए गए हैं, उसके लिए विरोध करने वालों को माफी मांगनी चाहिए। भाजपा से जुड़े लोग एल्विश यादव का विरोध कर रहे हैं। यादव समाज के युवाओं ने गोविंदा के कार्यक्रम का विरोध करते हुए उनका पोस्टर जलाया था। हालांकि, आज यादव समाज के लोगों ने कलाकारों के विरोध करने से इनकार किया है। गोविंदा का कार्यक्रम सोमवार रात सरगवां पैलेस में आयोजित है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *