जयपुर में एशियन फैशन टूर का ग्रैंड फिनाले भव्य अंदाज में आयोजित किया गया। यह आयोजन सी-स्कीम स्थित क्लब हाउस ऑफ पीपल में संपन्न हुआ, जहां देशभर से आए मॉडलों ने रैंप पर अपने अद्भुत अंदाज से दर्शकों का दिल जीत लिया। इस फैशन शो का मुख्य आकर्षण देश की प्रसिद्ध सेलिब्रिटी डिजाइनर कीर्ति राठौड़ का कलेक्शन रहा। उनकी सोना-चांदी कलेक्शन, जो गुजरात के सफेद हैंडलूम जॉर्जट कपड़े से तैयार किया गया था, इसे दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कीर्ति राठौड़ ने इटली की तर्ज पर अपने परिधानों को डिजाइन किया, जिसमें भारतीय परंपरा और आधुनिकता का अनोखा संगम देखने को मिला। शो की शुरुआत मिसेज एशिया पैसिफिक परम मेहरा की ओर से की गई। जबकि बॉलीवुड अभिनेता विशाल कोटियान शो स्टॉपर के रूप में रैंप पर उतरे। रैंप पर हर मॉडल ने आत्मविश्वास के साथ इन खास परिधानों की प्रस्तुति दी, जिसने कार्यक्रम को और भी खास बना दिया। शो में शहर के कई फैशन प्रेमी, डिजाइनर और सोशलाइट्स शामिल हुए। फैशन टूर की भव्यता और कीर्ति राठौड़ के कलेक्शन ने आयोजन को यादगार बना दिया। उनके डिजाइनों की अनूठी थीम और रंगों के संयोजन ने दर्शकों को भारतीय कला और परंपरा से परिचित कराया। फिनाले के समापन पर कीर्ति राठौड़ ने कहा कि मैं भारतीय हथकरघा और परंपरा को आधुनिक डिजाइनों के माध्यम से देश-विदेश के फैशन प्रेमियों तक पहुंचा पा रही हूं। मेरा प्रयास है कि भारत की मैन्युफैक्चरिंग और डिजाइनिंग को ग्लोबल प्लेटफॉर्म पर स्थापित किया जाए और दुनिया भर में भारत का परचम लहराए।


