रियाद (सऊदी अरब) में खेली जा रही एशियन लेक्रोज गेम्स 2025-26 में उदयपुर के आदिवासी अंचल के प्रतिभाओं के दम पर भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुष और महिला दोनों वर्गों में फाइनल में जगह बना ली है। प्रतियोगिता में एक दिन पहले महिलाओं ने पाक को 12-5 से शिकस्त दी। वहीं सेमीफाइनल जैसे मुकाबले में भारतीय पुरुष टीम ने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 12-7 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। दल प्रबंधक इमरान लारी के अनुसार पाक के खिलाफ मुकाबला बेहद हाई-वोल्टेज रहा। इराक के खिलाफ मैच में चोटिल हुए उदयपुर के स्टार प्लेयर मोहनलाल गमेती ठुड्डी पर 9 टांके लगने के बावजूद मैदान में उतरे और 5 गोल दागकर टीम को जीत दिलाई। निशान नागदा ने 3, जबकि दयाशंकर गमेती और आशीष ने 2-2 गोल किए। संभागीय आयुक्त और आरएसएमएम से मिला प्रोत्साहन 2028 में ओलिंपिक में शामिल होने वाले लेक्रोज खेल में प्रशिक्षक नीरज बत्रा के नेतृत्व में उदयपुर के खिलाड़ी पिछले दो साल से नेशनल व इंटरनेशनल स्तर पर ऐेतिहासिक प्रदर्शन कर रहे हैं। पिछले साल भारत ने इंटरनेशनल स्तर पर पहली बार रजत पदक जीता था। तब भी महिला टीम की कप्तान उदयपुर की सुनीता मीणा थीं। इस बार भी कमान उनके हाथा में रही। इस दौरान ही इस उभरते हुए खेल को उदयपुर संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी ने प्रोत्साहन दिया। साथ ही आरएसएमएम के माध्यम से खिलाड़ियों को स्पांसरशिप भी दिलाई। इसकी बदौलत यहां के खिलाड़ी इंटरनेशनल स्तर तक पहुंचे। हमारे खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं…
“एशियन लेक्रोज गेम्स में उदयपुर के आदिवासी अंचल की प्रतिभाएं ऐतिहासिक प्रदर्शन कर रही हैं। महिला व पुरुष दोनों टीमों ने पाक को हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। उम्मीद है कि भारत टीम पदक लेकर आएगी।”
-प्रज्ञा केवलरमानी, संभागीय आयुक्त उदयपुर।


