भास्कर न्यूज | अंबिकापुर मतदाता सूची के प्रकाशन को लेकर कलेक्टोरेट सभाकक्ष में विभिन्न राजनीतिक दलों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर व जिला निर्वाचन अधिकारी एस. जयवर्धन ने की। उन्होंने राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों को जिले में संपादित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। भारत निर्वाचन आयोग व मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन को लेकर यह बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में कलेक्टर ने कहा कि एसआईआर कार्यक्रम अंतर्गत प्रारूप (ड्राफ्ट) मतदाता सूची का प्रकाशन 23 दिसंबर को किया गया है। बैठक के दौरान सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को बूथ वार मुद्रित व डिजिटल प्रारूप में मतदाता सूची की प्रतियां उपलब्ध कराई गईं। मतदाता सूची मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ की वेबसाइट ceochhattisgarh.nic. in और जिले की आधिकारिक वेबसाइट surajpur.nic.in पर भी प्रदर्शित है। बैठक में कहा कि 23 दिसंबर से 22 जनवरी तक दावा-आपत्ति की अवधि निर्धारित की गई है। इस अवधि में पात्र नागरिक अपने नाम मतदाता सूची में जोड़ने, संशोधन कराने व अपात्र नाम कटवाने आवेदन कर सकते हैं। दावा-आपत्ति निराकरण के बाद मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 21 फरवरी को किया जाएगा। उप जिला निर्वाचन अधिकारी पुष्पेंद्र शर्मा ने कहा कि 1 जनवरी 2026 को या उससे पहले 18 साल की आयु पूरा करने वाले और 1 अक्टूबर तक 18 साल पूरा करने वाले युवाओं को फॉर्म-6 के माध्यम से आवेदन करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। प्रदेशभर में योग्य युवा मतदाताओं के नाम जोड़ने विशेष शिविर भी आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि 18 दिसंबर तक जिले के कुल 7 लाख 40 हजार 212 मतदाताओं में से 6 लाख 65 हजार 504 मतदाताओं द्वारा गणना प्रपत्र जमा किया जा चुका है।


