एसआई भर्ती:1 पद के लिए 400 दावेदार; 341 पदों पर भर्ती के लिए 1.37 लाख आवेदन, शारीरिक परीक्षण के लिए जल्द जारी होगी सूचना

साल 2021 के बाद छत्तीसगढ़ पुलिस में एसआई, प्लाटून कमांडर समेत अन्य के लिए पिछले दिनों भर्ती निकली। इस बार भी कड़ी प्रतिस्पर्धा है। एक पद के लिए चार सौ से अधिक दावेदार हैं। दरअसल, अक्टूबर 2024 में 341 पदों के लिए वैकेंसी निकली। इसके अनुसार 1.37 लाख से अधिक आवेदन आए हैं। चयन के पहले चरण में दस्तावेजों की जांच होगी और शारीरिक परीक्षण होगा। इसके लिए छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग से जल्द सूचना जारी होगी। इसके बाद फिर प्रारंभिक लिखित परीक्षा होगी। यह परीक्षा छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग से आयोजित की जाएगी। प्रदेश में 2018 में एसआई के 655 पदों के लिए वैकेंसी निकली थी। 2021 में इसमें संशोधन कर पदों की संख्या बढ़ाकर 975 की गई। इसके अनुसार फिर आवेदन मंगाए गए थे। विभिन्न विवादों की वजह से यह भर्ती लंबे समय तक चली। इसका फाइनल रिजल्ट पिछले साल अक्टूबर में जारी हुआ। वहीं दूसरी ओर एसआई समेत अन्य पदों के लिए नई भर्ती निकाली गई। 341 पदों की भर्ती के लिए 23 अक्टूबर से 21 नवंबर 2024 तक आवेदन मंगाए गए थे। इसके बाद अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग के पुरूष उम्मीदवारों को ऊंचाई में 5 सेमी की छूट देने के निर्देश जारी ​हुए। इसके बाद फिर 11 दिसंबर से 25 दिसंबर तक आवेदन मंगाए गए। इसमें बड़ी संख्या में युवाओं ने आवेदन किया है। पुलिस विभाग में इन पदों पर होगी भर्ती छत्तीसगढ़ पुलिस में कुल 341 पदों पर भर्ती होगी। इसमें सबसे अधिक 278 पद एसआई के हैं। इसके अलावा 19 सूबेदार, 11 उप निरीक्षक (विशेष शाखा), 14 प्लाटून कमांडर, 4 उप निरीक्षक (अंगुल-चिन्ह), 1 उप निरीक्षक (प्रश्नाधीन दस्तावेज), 5 उप निरीक्षक (कंप्यूटर) और 9 उप निरीक्षक (साइबर क्राइम) के पद शामिल है। इस भर्ती के लिए कुछ महीने पहले आवेदन मंगाए गए थे। इसमें सूबेदार, एसआई, एसआई (विशेष शाखा) और प्लाटून कमांडर के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता स्नातक थी। इसी तरह एसआई (अंगुल-चिन्ह), एसआई (प्रश्नाधीन दस्तावेज) के लिए गणित, भौतिकी, रसायन के साथ बीएससी या समकक्ष। एसआई (कंप्यूटर) और एसआई (साइबर क्राइम) के लिए शैक्षणिक योग्यता बीसीए या बीएससी कंप्यूटर या समकक्ष थी। लिखित परीक्षा व साक्षात्कार पीएससी से, फिजिकल टेस्ट पुलिस विभाग से पुलिस भर्ती की चयन प्रक्रिया में शारीरिक माप से लेकर साक्षात्कार तक शामिल है। शारीरिक माप व शारीरिक दक्षता परीक्षा पुलिस विभाग से होगी। जबकि लिखित परीक्षा और साक्षात्कार सीजीपीएससी से होगा। शारीरिक माप की प्रक्रिया नए साल में जनवरी-फरवरी में होने की संभावना है। इसमें अभ्यर्थियों की ऊंचाई देखी जाएगी। इसी तरह सीने की माप होगी। इसी दौरान दस्तावेजों की जांच भी होगी। इसमें पात्र उम्मीदवारों को प्रारंभिक लिखित परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिलेगा। यह परीक्षा 300 अंकों की होगी। इसमें पूछे गए प्रश्नों को हल करने के लिए अभ्यर्थियों को दो घंटे का समय दिया जाएगा। इसके आधार पर विज्ञापित पदों से 20 गुना अभ्यर्थियों का चयन मुख्य लिखित परीक्षा के लिए होगा। फिर शार​ीरिक दक्षता परीक्षा होगी। इसमें लंबी कूद, ऊंची कूद, गोला फेंक, 100 मीटर दौड़, 1500 मीटर दौड़ होगा। इसके बाद इंटरव्यू होगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *