राजनगर| एसईसीएल हसदेव क्षेत्र में रोजगार से जुड़े मामलों को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। भाजपा मंडल मीडिया प्रभारी समर बहादुर सिंह ने एसईसीएल प्रबंधन पर उच्च प्रबंधन के दिशा-निर्देशों की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। उन्होंने इस संबंध में एसईसीएल सीएमडी, कोल इंडिया चेयरमैन, कोयला मंत्रालय भारत सरकार, पीएमओ कार्यालय व मुख्य सतर्कता अधिकारी को पत्र लिखकर जांच की मांग की है। पत्र में उन्होंने कहा कि कोल इंडिया में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी और नए लोगों को रोजगार देना है। पूर्व में सिविल व माइनिंग विभाग में 50 लाख तक के कार्यों को अनुभव मुक्त किया था, लेकिन हसदेव प्रबंधन ने सुरक्षा का हवाला देकर माइनिंग विभाग में इस नियम को लागू नहीं किया। आरोप है कि पात्र ठेकेदारों पर दबाव बनाकर उन्हें टेंडर प्रक्रिया से बाहर किया जा रहा है। उन्होंने माइनिंग विभाग में भी 50 लाख तक के कार्यों को अनुभव मुक्त करने और रद्द की गई निविदाओं की जांच कर ई-टेंडर प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने की मांग की है।


