जयपुर के एसएमएस स्कूल में छात्रों के नेतृत्व कौशल को निखारने के लिए एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। ‘युवा नेताओं को सशक्त बनाने के लिए एक परिवर्तनकारी यात्रा’ शीर्षक से आयोजित इस कार्यक्रम में बैज धारक छात्रों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यक्रम की मुख्य प्रशिक्षक जसलीन खुराना हैं, जिन्हें उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए फिक्की द्वारा प्रतिष्ठित ‘राजस्थान रत्न’ सम्मान से नवाजा जा चुका है। खुराना विभिन्न संगठनों में ‘ट्रेन द ट्रेनर’ कार्यशालाओं का संचालन कर चुकी हैं और उनका अनुभव इस क्षेत्र में बेहद समृद्ध है। कार्यशाला में कुल छह से सात सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें इंटरेक्टिव गतिविधियों के माध्यम से छात्रों को नेतृत्व के गुण सिखाए जाएंगे। इस दौरान स्टूडेंट्स को आवश्यक कौशल, सकारात्मक मानसिकता और स्पष्ट उद्देश्य के साथ भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार किया जाएगा। पहले सत्र में छात्रों की सक्रिय भागीदारी और उत्साहजनक प्रतिक्रिया से कार्यक्रम की सफलता का अनुमान लगाया जा सकता है।


