पीबीएम अस्पताल के सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक (SSB) में सीनियर डॉक्टर अब रविवार को भी दिखाई देंगे। हालांकि न्यूरोलॉजी, गेस्ट्रोएंटरोलॉजी के सीनियर डॉक्टर रविवार को नहीं आएंगे। अस्पताल प्रशासन की ओर से जारी शिड्यूल में ये जानकारी दी गई है। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा की अध्यक्षता में 3 जनवरी को सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक में आयोजित बैठक के दौरान दिए गए निर्देशों पर ये कार्रवाई की गई है। सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक अधीक्षक डॉ. संजीव बुरी ने अब एसएसबी के आउटडोर की नई समय सारिणी निर्धारित कर दी है। डॉ. बुरी ने बताया कि खाद्य मंत्री ने बैठक के दौरान एसएसबी की व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा प्रत्येक आउटडोर सातों दिन चलाने तथा इनमें विशेषज्ञ चिकित्सकों की ड्यूटी निर्धारित करने के निर्देश दिए थे। इसके अनुसार अप्रैल से सितंबर तक अस्पताल का समय सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक तथा अक्टूबर से मार्च तक सुबह 9 से दोपहर 3 बजे तक रहेगा। अवकाश के दिन चिकित्सकों द्वारा प्रातः 9 से 11 बजे तक मरीज को देखा जाएगा।


