एसकेडी यूनिवर्सिटी को एनसीसी यूनिट की स्वीकृति:54 कैडेट्स का नामांकन, प्रशिक्षण जनवरी 2026 से होगा शुरू

हनुमानगढ़ में श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय (एसकेडी यूनिवर्सिटी) को राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की सीनियर डिवीजन/सीनियर विंग (एसडी/एसडब्ल्यू) यूनिट की आधिकारिक स्वीकृति मिल गई है। एनसीसी निदेशालय राजस्थान ने विश्वविद्यालय को कुल 54 कैडेट्स की स्वीकृति प्रदान की है। यह यूनिट सेल्फ फाइनेंस स्कीम के तहत संचालित होगी। इसमें नामांकन और प्रशिक्षण सत्र जनवरी 2026 से प्रारंभ किया जाएगा। एनसीसी यूनिट की शुरुआत से विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं को अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मनिर्भरता और टीम भावना जैसे गुण विकसित करने का अवसर मिलेगा। इससे विद्यार्थियों में देशभक्ति और सेवा भावना को भी मजबूती मिलेगी। एनसीसी से जुड़कर छात्र-छात्राएं भारतीय सैन्य सेवाओं, अर्धसैनिक बलों, पुलिस सेवाओं सहित अन्य राष्ट्रीय सेवाओं में करियर के लिए स्वयं को तैयार कर सकेंगे। श्री गुरु गोबिंद सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा ने इस उपलब्धि को विश्वविद्यालय की गुणवत्ता, विश्वसनीयता और दूरदर्शी सोच का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि एनसीसी युवाओं को जिम्मेदार नागरिक बनाने का प्रभावी माध्यम है और इससे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को बल मिलेगा। विश्वविद्यालय के डायरेक्टर जनरल गिरीश चावला ने कहा कि एनसीसी केवल वर्दी और परेड तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, नेतृत्व, सेवा भाव और राष्ट्रप्रेम का जीवन दर्शन है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पहल विद्यार्थियों को न केवल सैन्य व अर्धसैनिक सेवाओं के लिए, बल्कि जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सफलता की ओर अग्रसर करेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *