भास्कर न्यूज | राजनांदगांव एसपी मोहित गर्ग ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को शराब की अवैध बिक्री पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने शराब, गांजा और नशीली चीजों की तस्करी और बिक्री पर पुलिस गंभीरता से कार्रवाई करने कहा। इसके अलावा संदेहियों पर भी नजर रखने कहा। एसपी गर्ग ने सभी थाना प्रभारियों की वर्चुअल मीटिंग ली। इसमें थानों में लंबित प्रकरण, चोरी के अटके मामलों, अपराधिक गतिविधियों को नियंत्रित करने सहित पेट्रोलिंग बढ़ाने को लेकर चर्चा की। एसपी ने सख्त हिदायत दी है कि थाना क्षेत्रों में शराब की अवैध बिक्री पर कार्रवाई तेज की जाए। जिन भी हिस्सों में ऐसी शिकायतें हैं, वहां थाना प्रभारी खुद टीम के साथ कार्रवाई के लिए पहुंचे। एसपी ने सभी थानों के लंबित प्रकरणों की जानकारी ली।


