रांची | ऑल इंडिया चेस फेडरेशन की ओर से ऑल झारखंड चेस एसोसिएशन के बैनर तले ‘नेशनल रैपिड एंड ब्लिट्ज चेस चैंपियनशिप 2024-25’ का शुभारंभ सरला बिरला विश्वविद्यालय में हुआ। रांची डिस्ट्रिक्ट चेस एसोसिएशन द्वारा इसका आयोजन 20 से 23 मार्च तक होगा। इस प्रतियोगिता में देशभर से 316 खिलाड़ी रैपिड और 292 खिलाड़ी ब्लिट्ज फॉर्मेट में हिस्सा ले रहे हैं, जिसमें 50 इंटरनेशनल मास्टर और ग्रैंड मास्टर भी शामिल हैं। 6.5 लाख की इनामी राशि वाली इस प्रतियोगिता से शीर्ष 4 खिलाड़ियों का चयन भारतीय टीम में आगामी एशियन चेस प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। इस प्रतियोगिता के टॉप 10 खिलाड़ियों के मुकाबले लाइव स्ट्रीम किए जाएंगे। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि डीआरएम रांची जसमीत सिंह बिंद्रा ने चेस खेलने के दौरान खिलाड़ियों के मूव्स और उनकी रणनीतियों पर बात की। सरला बिरला विवि के महानिदेशक प्रो. गोपाल पाठक ने चेस के विषय में संक्षेप में बताते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।


