एसीबी ने सोमवार को हेरिटेज निगम की पशु प्रबंधन शाखा में नियुक्त पशु चिकित्सक को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी को सितंबर में पशुपालन विभाग से प्रति नियुक्ति पर लगाया था। कार्यकाल 12 दिसंबर को पूरा हो गया था, इसके बावजूद पद नहीं छोड़ा। हेरिजेट निगम क्षेत्र में 202 अवैध निजी डेयरियां संचालित होती है। एसीबी में डीजी डॉ. रवि प्रकाश मेहरड़ा ने बताया कि हेरिटेज निगम की पशु प्रबंधन शाखा में नियुक्त पशु चिकित्सक रणवीर सिंह को को परिवादी से 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। एसीबी डीजी डॉ. मेहरड़ा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एसीबी की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट, जयपुर इकाई को परिवादी द्वारा आरोपी डॉक्टर के खिलाफ शिकायत दी थी। शिकायत में बताया कि उसकी पालतू गायों को नहीं पकड़ने और कार्रवाई नहीं करने की एवज में पशु प्रबंधन शाखा में पशु चिकित्सक रणवीर सिंह ने मासिक बंधी के रूप में 40 हजार रुपए रिश्वत के मांगे। एसीबी में डीआईजी कालूराम रावत के सुपरवीजन में एडिशनल एसपी संदीप सारस्वत ने शिकायत का सत्यापन किया। सोमवार को आरोपी पशु चिकित्सक ने रिश्वत के 20 हजार रुपए लेकर ट्रांसपोर्ट नगर गोविंद मार्ग पर एक मॉल के पास बुलाया। परिवादी ने एसीबी को सूचना दी। इसके बाद रिश्वत के नोटों पर रसायन लगा रिश्वत दी, जिसे रंगे हाथों पकड़ लिया।


