सदर थाना पुलिस ने एस्कॉर्ट सेवा के नाम पर लोगों से ठगी करने के मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से पुलिस ने 8 मोबाइल, 16 सिम कार्ड, एक बाइक और एक पेन ड्राइव बरामद किया है। सदर थाना प्रभारी रामनरेश मीणा ने बताया कि एसपी सुमित मेहरड़ा के नेतृत्व में ऑपरेशन एंटीवायरस चलाया जा रहा है, जिसके तहत पुलिस को सूचना मिली थी कि रीको क्षेत्र स्थित अंकुर डेयरी के पास कुछ लोग साइबर ठगी की वारदात को अंजाम दे रहे हैं। सूचना पर थाना प्रभारी के साथ साइबर थाने के हेड कॉन्स्टेबल मनोज कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने छापा मारकर रीको क्षेत्र से पांच आरोपी विवेक (21) पुत्र दुर्गाशंकर निवासी दुबरा, रिंकू (26) पुत्र रामगोपाल निवासी प्रताप बिहार कॉलोनी, अजय शर्मा (30) पुत्र बनवारी लाल शर्मा निवासी ओंडेला रोड, कौशल कटरा (19) पुत्र पवन कुमार निवासी इंदिरा कॉलोनी और मनीष मीणा (24) पुत्र कल्याण मीणा निवासी सरमथुरा को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से पुलिस ने 8 मोबाइल, 16 सिम कार्ड, एक बाइक और एक पेन ड्राइव बरामद की है। थाना प्रभारी ने बताया कि पांचों आरोपी एस्कॉर्ट सेवा के नाम पर लोगों को इंटरनेट से डाउनलोड किए गए अश्लील फोटो वीडियो दिखाकर उनके न्यूड फोटो वीडियो बना लेते थे। जिसके बाद उन्हें अलग-अलग सिम के जरिए वायरल करने की धमकी देकर पैसों की ठगी करते थे। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है, जिसके बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा।


