दो बार के ओलंपियन और मध्यप्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी के निशानेबाज ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने नया कीर्तिमान रचा है। भोपाल में आयोजित 68वीं राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप (राइफल) में ऐश्वर्य ने पुरुषों की 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन स्पर्धा में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। ऐश्वर्य ने क्वालिफिकेशन राउंड में 597/600 अंक हासिल किए। इसके बाद फाइनल मुकाबले में उन्होंने 470.5 अंक अर्जित कर राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया। चैंपियनशिप का आयोजन मध्यप्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी में किया जा रहा है, जो 2 जनवरी तक चलेगी। ऐश्वर्य ने इस साल की शुरुआत में विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक जीता था।


