सिटी रिपोर्टर | बोकारो बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय में सोमवार को परीक्षा परिषद की बैठक कुलपति डॉ. राम कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई। इस दौरान विभिन्न परीक्षाओं पर चर्चा की गई और निर्णय लिए गए। बीएड द्वितीय पैडागोजी सत्र 2023-25 के लिए अतिरिक्त परीक्षा शुल्क 750 रुपए लिया जाएगा। स्नातक प्रयोगिक परीक्षा के लिए परीक्षार्थियों की संख्या के अनुसार क्लस्टर बनाए जाएंगे। ये क्लस्टर मेजर, माइनर व वोकेशनल के अनुसार बनेंगे। इसी के अनुसार इंटरनल और एक्सटर्नल परीक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। द्वितीय दीक्षांत समारोह के विषयवार स्नातक टॉपरों को गोल्ड मेडल दिया जाएगा। इसके लिए उनके ऑनर्स पेपर में मिले अंकों को आधार बनाया जाएगा। वहीं बेस्ट ग्रेजुएट का चयन ओवरऑल अंकों के आधार पर किया जाएगा। द्वितीय दीक्षांत समारोह में पीएचडी उपाधि धारक शामिल होंगे। ऐसे में 15 दिसंबर तक अधिसूचित परिणाम को शामिल किया जाएगा। उपाधि धारकों से उपाधि शुल्क 650 रुपए लिए जाएंगे। मौके पर डीएसडब्ल्यू डॉ पुष्पा कुमारी, कुलसचिव डॉ राधानाथ त्रिपाठी, परीक्षा नियंत्रक डॉ धनंजय कुमार सिंह आदि मौजूद थे। बीबीएमकेयू ने सोमवार को पीजी सत्र 2025-27 में दाखिले को लेकर पहली चयन सूची जारी की। इसमें शामिल छात्र-छात्राएं मंगलवार से 1 दिसंबर तक डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन कराते हुए नामांकन ले सकेंगे। खास बात है कि विवि को किसी भी विषय में नामांकन को लेकर कट ऑफ जारी नहीं करनी पड़ी। विवि के 17 पीजी विभागों, एसएसएलएनटी महिला कॉलेज के 3, बीएस सिटी कॉलेज बोकारो के 2 और आरएसपी कॉलेज झरिया के एक विषय की चयन सूची जारी हुई है। सनद हो कि पीजी में करीब 3088 सीटें हैं। जबकि आवेदन इससे 416 कम यानि कुल 2672 ही मिले हैं।


