कोडरमा जिले के झुमरी गांव में ऑनलाइन गेमिंग की लत एक परिवार के लिए त्रासदी बन गई। यहां 20 वर्षीय युवक ने कीटनाशक का सेवन कर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान मनोज यादव के पुत्र मोहित यादव के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार मोहित ऑनलाइन गेमिंग में काफी रुचि रखता था। इसी को लेकर वह लंबे समय से मानसिक दबाव में चल रहा था। बीती रात उसने घर में रखे कीटनाशक का सेवन कर लिया, जिसके कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और उल्टियां शुरू हो गईं। अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम मोहित की हालत बिगड़ते देख परिजनों ने बिना देर किए उसे सदर अस्पताल, कोडरमा पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन जहर की मात्रा अधिक होने के कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। इलाज के दौरान ही उसकी मौत हो गई। अस्पताल प्रशासन के अनुसार युवक की स्थिति बेहद गंभीर थी। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मोहित अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। वह स्नातक की पढ़ाई कर रहा था। पिता चलाते हैं ट्रक, ज्यादातर रहते हैं बाहर मृतक के चचेरे भाई दीपक कुमार यादव ने बताया कि मोहित पिछले कुछ दिनों से मानसिक रूप से परेशान था। ऑनलाइन गेमिंग को लेकर वह अक्सर तनाव में रहता था और कई बार बेचैन भी नजर आता था। दीपक के अनुसार इसी मानसिक परेशानी के चलते उसने यह कदम उठाया। मोहित के पिता पेशे से ट्रक चालक हैं और अधिकतर बाहर रहते हैं। घटना के बाद से पूरे गांव में शोक का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर मामले की जानकारी ली और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।


