भास्कर न्यूज | अंबिकापुर शहर के गांधीनगर थाने के ग्राम ठाकुरपुर निवासी नितिन पॉल खेस से फॉरेक्स ट्रेडिंग सॉफ्टवेयर के नाम पर 1 लाख 64 हजार 542 रुपए की ऑनलाइन ठगी हुई। पीड़ित ने बताया कि वह बीकॉम तक पढ़ा है और ट्रेडिंग में रुचि रखता है। 17 अप्रैल को उसके मोबाइल पर एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को एआई ट्रेडिंग सॉफ्टवेयर कंपनी से बताया। पहले उसकी रुचि के बारे में पूछा। फिर फॉरेक्स ट्रेडिंग के लिए सॉफ्टवेयर खरीदने का झांसा दिया। कॉल करने वाले ने एक लिंक भेजा। उस लिंक के जरिए 17 अप्रैल को 21 हजार 422 रुपए जमा करवाए। इसके बाद अलग-अलग देशी और विदेशी नंबरों से कॉल आने लगे। कॉल करने वालों ने सप्लीमेंटरी सॉफ्टवेयर के नाम पर और पैसे मांगे। 23 अप्रैल को गणेश कुमार कोलंजी के यूपीआई खाते में 85 हजार 493 रुपए डलवाए। 24 अप्रैल को 19 हजार 197 रुपए और 25 अप्रैल को 38 हजार 430 रुपए जमा करवाए। इसके बाद और पैसे की मांग की गई। तब नितिन को ठगी का शक हुआ। जांच करने पर उसे पता चला कि कुल 1 लाख 64 हजार 542 रुपए की ठगी हो चुकी है। उसने 14 मई 2025 को गांधीनगर थाने में शिकायत दी। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


