ऑपरेशन प्रहार: 2 दिनों में 450 से ज्यादा ठिकानों पर रेड, 300 तस्कर काबू, गैंगस्टरों के परिजनों से पूछताछ

भास्कर न्यूज | अमृतसर जिले में गैंगस्टरों और उनके नेटवर्क के खिलाफ पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बड़ा एक्शन शुरू कर दिया है। इस अभियान में देहाती और सिटी पुलिस की संयुक्त टीमों ने दो दिनों में जिले के 450 से अधिक इलाकों में रेड की। कार्रवाई के दौरान देहाती क्षेत्र से 141 और शहरी इलाके से 160 आरोपियों को काबू किया गया है, जबकि करीब 50 युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। दो दिन के अभियान में 9 पिस्तौल, दातर, 200 जिंदा कारतूस, 262 ग्राम हेरोइन, 85 मोबाइल, अवैध शराब व अन्य नशीले पदार्थ बरामद हुए हैं। रेड के दौरान पुलिस ने गैंगस्टरों से जुड़े संदिग्ध ठिकानों, परिजनों और संपर्कों की भी गहन जांच की। विदेशों में बैठे गैंगस्टरों के परिजनों से भी पूछताछ की गई है। पुलिस के अनुसार इस अभियान में केंद्रीय एजेंसियां भी शामिल रहीं। जांच में सामने आया है कि कई गैंगस्टर दुबई, अमेरिका और कनाडा में बैठकर नेटवर्क चला रहे हैं। इन पर शिकंजा कसने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी गई है। सिटी पुलिस ने कुल 6 आधुनिक पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद कर दो तस्करों को काबू किया है। आरोपी गैंगस्टरों को हथियार सप्लाई करते थे। पुलिस के अनुसार, ये हथियार पंजाब के कुख्यात गैंगस्टरों तक पहुंचाए जाने थे, जिससे संगठित अपराध को बढ़ावा दिया जा सके। गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि यह पूरी कार्रवाई सीआईए स्टाफ की टीम की ओर से इंटेलिजेंस आधारित सूचना के आधार पर की गई। पहले आरोपी गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी, निवासी खेमकरण को काबू किया गया, जिसके पास से चार पिस्तौल बरामद हुईं। इसके बाद सुरजीत सिंह उर्फ चेला, निवासी भिखीविंड, जिला तरनतारन को काबू कर उसके पास से दो पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद किए गए। आरोपी सुरजीत के खिलाफ पहले से खेमकरण में 15 ग्राम हेरोइन मामले में एक पर्चा दर्ज है। पाकिस्तानी तस्करों के साथ लिंक में थे। सुरक्षा एजेंसियों ने भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास एक बड़ी साजिश को नाकाम करते हुए महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की 45वीं बटालियन और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की संयुक्त टीम ने तलाशी अभियान के दौरान भारी मात्रा में अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए हैं। यह कार्रवाई सीमा से सटे गांव भिंडी औलख के नजदीक की गई। संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान 3 पिस्तौल, 6 मैगजीन और 150 जिंदा कारतूस बरामद किए गए, जिन्हें तुरंत कब्जे में ले लिया गया। संगठित अपराध के खिलाफ चल रही सख्त और लगातार मुहिम के तहत ऑपरेशन प्रहार के अंतर्गत एसएसपी देहाती सुहेल कासिम ने बताया कि मंगलवार और बुधवार दो दिन अब तक की सबसे बड़ी और सुनियोजित कार्रवाई को अंजाम दिया। इस इंटेलिजेंस आधारित ऑपरेशन का मकसद जिले और आसपास के इलाकों में सक्रिय संगठित आपराधिक गैंगों के नेटवर्क को तोड़ना, आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और कानून-व्यवस्था को और मजबूत करना रहा। इस अभियान में अमृतसर देहाती पुलिस की 60 से अधिक टीमों ने एक साथ कार्रवाई करते हुए 206 चिन्हित गैंगस्टरों, उनके साथियों और उन्हें पनाह या लॉजिस्टिक सपोर्ट देने वालों के ठिकानों पर छापेमारी की। पुलिस सूत्रों के अनुसार सभी रेड पूर्व सूचना और तकनीकी इनपुट के आधार पर की गईं, ताकि किसी भी आरोपी को भागने का मौका न मिले। कार्रवाई के दौरान 141 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 50 अन्य संदिग्धों से गहन पूछताछ की जा रही है। पकड़े गए आरोपियों से 107 ग्राम हेरोइन और पांच मोबाइल बरामद हुए है। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *