आेटीसी ग्राउंड के पास बैंक में पैसा जमा करने पहुंचे आईटीसी के मैनेजर से 13 लाख रुपए लूटने व लोटस होटल के मैनेजर को गोली मारने वाले अपराधी का तीसरे दिन भी पुलिस को कोई सुराग नहीं मिल सका है। पुलिस के टेक्निकल सेल के सभी तरीके फेल हो चुके हैं। सीसीटीवी में चेहरा कैद होने के बाद अपराधी को पकड़ना तो दूर, पुलिस अबतक किसी की पहचान तक नहीं कर पाई है। गुप्तचर भी किसी के बारे में जानकारी नहीं दे रहे हैं। बुधवार को रांची पुलिस की ओर से अपराधी का पोस्टर जारी किया गया है। शहर में जगह-जगह दीवारों पर पोस्टर चिपकाए गए हैं। जिसमें लिखा है कि इस वांटेड अपराधी की जानकारी देने वाले को 20 हजार रुपए का इनाम दिया जाएगा। जानकारी देने वाले का नाम-पता गुप्त रखा जाएगा। कोतवाली थाना के पास दीवार पर पोस्टर चिपकाते पुलिसकर्मी।


