ओडिशा का 350 बोरा धान छ्त्तीसगढ़ में पकड़ाया:अवैध तरीके से एक ट्रक धान बेचने की थी तैयारी, गश्ती दल ने पकड़ा

ओडिशा का लगभग 350 बोरा धान छ्त्तीसगढ़ में पकड़ाया है। अवैध तरीके से यहां धान बेचने की तैयारी थी। हालांकि, मौके पर पहुंची राजस्व की टीम ने एक ट्रक धान पकड़ लिया है। मामला नानगुर थाना क्षेत्र का है। दरअसल, छ्त्तीसगढ़ और ओडिशा राज्य की सीमा पर अवैध धान परिवहन को रोकने दल तैनात है। जगदलपुर और नानगुर तहसील के राजस्व विभाग के संयुक्त गश्ती दल ने तहसील नानगुर के पुसपाल के नजदीक जोजल गांव के पास एक मालवाहक ट्रक को अवैध रूप से धान का परिवहन करते हुए पकड़ा। रात में गश्ती टीम ने पकड़ा इस संबंध में नानगुर तहसीलदार दीपिका देहारी ने बताया कि, ये कार्रवाई सोमवार रात लगभग 11ः45 बजे की गई है। गश्त टीम ने संदेह के आधार पर ट्रक क्रमांक सीजी 04 जे 3195 को रोका था। ये ट्रक ओडिशा राज्य की तरफ से आ रहा था। ट्रक में लगभग 350 बोरा धान था। पूछताछ में वाहन चालक ने अपना नाम बुधु बताया। ये ओडिशा का रहने वाला है। बुधु से जब धान के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज दिखाने को कहा गया, तो वह कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।जिससे ये स्पष्ट रूप से मंडी अधिनियम का उल्लंघन पाया गया। अवैध परिवहन की पुष्टि होने पर संयुक्त राजस्व दल ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन सहित 350 बोरा अवैध धान को जब्त कर लिया। जब्त किए गए धान और वाहन को मंडी अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए थाना नानगुर के सुपुर्द कर दिया गया है। राजस्व विभाग की इस संयुक्त कार्रवाई से सीमावर्ती क्षेत्रों से होने वाले अवैध धान परिवहन पर लगाम कसने में मदद मिलेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *